उग्रवाद-अपराध पर नियंत्रण पर गावां में अब भी कई चुनौतियां

Jan 19, 2026 04:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

झारखंड गठन के बाद बदली तस्वीर झारखंड राज्य गठन के बाद बीते ढाई दशकों में गावां प्रखंड की तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है। कभी उग्रवाद और अपराध के साए म

उग्रवाद-अपराध पर नियंत्रण पर गावां में अब भी कई चुनौतियां

गावां। झारखंड राज्य गठन के बाद बीते ढाई दशकों में गावां प्रखंड की तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है। कभी उग्रवाद और अपराध के साए में जीने को मजबूर यह इलाका आज शांति और सुरक्षा के माहौल में सांस ले रहा है। सड़क-पुलों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है और अधिकांश गांव मुख्य पथ से जुड़ चुके हैं। बावजूद इसके, चिकित्सा, शिक्षा, सिंचाई और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में गावां आज भी विकास की राह ताक रहा है। राज्य गठन से पहले बदहाल थी स्थिति अलग राज्य बनने से पहले गावां प्रखंड की हालत बेहद दयनीय थी। प्रखंड मुख्यालय को छोड़ शेष पंचायतें मुख्य सड़क से कटी हुई थी।

लोगों को पैदल या साइकिल से जोखिम भरा सफर तय कर मुख्यालय पहुंचना पड़ता था। बरसात के दिनों में सकरी नदी उफान पर आ जाता था। गावां, माल्डा, पसनौर, चरकी और सेरुआ जैसे गांव टापू में तब्दील हो जाते थे। गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज कराना लगभग असंभव हो जाता था। अपराध और उग्रवाद से त्रस्त थे लोग उस दौर में क्षेत्र अपराध और उग्रवाद की चपेट में था। चोरी, डकैती और अपहरण की घटनाएं आम थीं। लोग दिन के उजाले में भी घर से बाहर निकलने में संकोच करते थे। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दो चिकित्सकों का अपहरण कर लिया गया था, जिनमें से एक चिकित्सक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। शव तक बरामद नहीं हो सका। पिहरा-माल्डा और पिहरा-ढाब पथ पर सप्ताह में एक-दो बार वाहनों को रोककर लूटपाट आम बात थी। पुलिस उग्रवादियों के सामने बेबस नजर आती थी और पंचायतों तक जाना उनके लिए भी आसान नहीं था। क्षेत्र में उग्रवादियों की समानांतर सरकार चलती थी। प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित माल गोदाम और सामुदायिक भवन को विस्फोट कर ध्वस्त कर दिया गया था, वहीं प्रखंड सह अंचल कार्यालय को आग के हवाले कर दिया गया था। स्थिति इतनी भयावह थी कि कोई भी सरकारी कर्मी क्षेत्र में पदस्थापन लेने को तैयार नहीं होता था। ग्रामीणों के विरोध से बदला माहौल अलग राज्य बनने के बाद पथ, पुल और पुलियों की स्वीकृति तो मिली, लेकिन उग्रवाद के कारण कार्य बाधित होता रहा। इसके बाद चरकी, जमडार और तराई क्षेत्र के ग्रामीणों ने संगठित होकर उग्रवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की। ग्रामीणों के कड़े विरोध और तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी तथा विधायक रविंद्र कुमार राय के समर्थन से उग्रवादी क्षेत्र छोड़ने को मजबूर हुए। सड़क-पुलों से जुड़ा गावां इसके बाद गावां-पटना, पटना-माल्डा और जोड़ासिमर समेत कई नदियों पर पुलों का निर्माण हुआ। कई महत्वपूर्ण सड़कों के बनने से अधिकांश गांव मुख्य मार्ग से जुड़ गए। सुरक्षा की दृष्टि से पिहरा, बरमसिया, तराई और जमडार में पुलिस पिकेट स्थापित किए गए। अपराधियों और उग्रवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया, जिससे क्षेत्र में अमन-चैन की स्थापना हुई। सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा अब भी चिंता का विषय विकास के बावजूद चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था आज भी संतोषजनक नहीं है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ताले लटके हैं, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक-दो चिकित्सकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सिंचाई के साधनों का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। इसके कारण खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और किसान पूरी तरह मानसून पर निर्भर हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।