Gridih News: सलैया में छज्जा गिरने से दबकर मां-बेटे की हुई मौत, राजमिस्त्री घायल
Gridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में एक निर्माणाधीन छज्जा ढहने से मां और उनके 19 वर्षीय बेटे की मौत हो गई है। दुखद घटना में एक राजमिस्त्री भी घायल हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

Gridih News: झारखंडधाम, प्रतिनिधि। गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत हीरोडीह थाना क्षेत्र की बदडीहा-1 पंचायत स्थित सलैया गांव में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन छज्जा के ढह जाने से मां और जवान बेटे की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि राजमिस्त्री घायल है। बताया गया कि आंगन की दीवार पर बना लगभग 48 फीट लंबा और 3 फीट चौड़ा आरसीसी छज्जा अचानक भरभराकर ढह गया। भारी स्लैब के मलबे में दबने से मां और उनके जवान बेटे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतकों की पहचान सुनीता देवी (45), पति लट्टू यादव तथा उनके 19 वर्षीय बड़े पुत्र राज कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे दोनों घर के आंगन में दीवार के पास खड़े थे। इसी दौरान ऊपर कार्य कर रहे राजमिस्त्री के चढ़ते ही आरसीसी छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। दोनों संभल भी नहीं सके और भारी स्लैब के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
घटना की जानकारी
ग्रामीणों ने जान की परवाह किए बिना मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मां और बेटे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कुछ ही क्षणों में मातम पसर गया। राजकुमार परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था। परिवार में तीन बेटे हैं। अन्य दो बेटे सुनील यादव और सूरज यादव रोजी-रोटी के लिए घर से बाहर रहते हैं। मां और बड़े भाई की एक साथ मौत की सूचना मिलते ही दोनों भाइयों सहित पूरे परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के चित्कार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई।पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकीदार दिनेश ने हीरोडीह थाना को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे में घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव(40) का भी उपचार कराया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद सलैया गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंखें नम हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा तथा हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।फोटो11 जीआरडी 153 सलैया गांव में छज्जा गिरने से मां बेटे की मौत के बाद जांच करती पुलिस और रोते बिलखते परिजन।
154 घटना में घायल राजमिस्त्री प्रदीप।


