Gridih News: सड़क दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी घायल
Gridih News: पचम्बा थाना क्षेत्र के पथला नावाडीह में शनिवार को हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय सुनील पासवान की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी 30 वर्षीय बैजन्ती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बाइक से इलाज के बाद लौट रहे थे। घटना के तुरंत बाद डॉ. नेहा कुमारी ने उन्हें अस्पताल पहुँचाया।

Gridih News: पचम्बा। पचंबा थाना क्षेत्र के पथला नावाडीह के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान डांडीडीह निवासी 35 वर्षीय सुनील पासवान के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला उसकी पत्नी 30 वर्षीय बैजन्ती देवी है। घायल बैजन्ती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दंपति सुनील पासवान और बैजन्ती देवी बाइक से जमुआ स्थित एक डॉक्टर के यहां से इलाज करवाकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पथला नावाडीह के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े रहे। इसी बीच जमुआ से डॉक्टर नेहा कुमारी कैंप ड्यूटी समाप्त कर एंबुलेंस से वापस लौट रही थीं। रास्ते में उनकी नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने एंबुलेंस रुकवाकर दोनों घायलों को उठाया और तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर नेहा कुमारी की तत्परता और एंबुलेंस कर्मियों की सक्रियता से घायल महिला को समय पर उपचार मिल सका। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनील पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं बैजन्ती देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


