सड़क हादसे में घायल युवक की भी छठे दिन गई जान

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

खोरीमहुआ में घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के करमाटांड़-जमडार सड़क पर एक भयानक सड़क हादसे में 5 वर्षीय सत्यम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसके चाचा मोहन सिंह, जो गंभीर रूप से घायल थे, इलाज के छठे दिन दम तोड़ दिया। इस घटना ने गांव में शोक की लहर पैदा कर दी है।

सड़क हादसे में घायल युवक की भी छठे दिन गई जान

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। खोरीमहुआ अनुमंडल अंतर्गत घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के करमाटांड़-जमडार मुख्य सड़क पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने अब और भी भयावह रूप ले लिया है। इस हादसे में पहले जहां 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं अब घायल बाइक चालक की भी इलाज के छठे दिन मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहन सिंह (25 वर्ष), पिता तालेश्वर सिंह, निवासी इंदरवा ढेबुआडीह, जिला कोडरमा के रूप में हुई है। वह गंभीर रूप से घायल होने के बाद धनबाद में इलाजरत था, जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।

विदित हो कि इस दुर्घटना में 5 वर्षीय सत्यम कुमार, पिता पप्पू कुमार सिंह, ग्राम चटकरी, जिला नवादा (बिहार), पहले ही अपनी जान गंवा चुका था। सत्यम अपनी मौसी के घर महेशमरवा स्थित हलुवैया गांव आया हुआ था। घटना के दिन वह अपने फुफेरे चाचा मोहन सिंह के साथ अपाची बाइक (संख्या JH 12 S 5922) से शौच के लिए हरदिया नदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे पीडीएस के चावल लदे ट्रक (संख्या JH 04 K 7051) ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सत्यम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान अब उसकी भी मौत हो जाने से परिजनों में मातम पसर गया है। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।