सांसद खेल महोत्सव से लौट रहे युवक की टेलर के धक्के से मौत
गिरिडीह में एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। 28 वर्षीय रोहित सिंह राठौर खेल महोत्सव से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक समेत एक ट्रक के नीचे जा फंसे। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी और मुआवजा व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। सासंद खेल महोत्सव से लौट रहे बाइक सवार एक युवक की टेलर के धक्के से मौत हो गयी। यह दर्दनाक सड़क हादसा नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास सोमवार की देर रात लगभग 11 बजे घटी। मृतक मवेशी अस्पताल पानी टंकी भंडारीडीह निवासी 28 वर्षीय रोहित सिंह राठौर है। यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक समेत रोहित एक अन्य ट्रक के नीचे जा घुसा। घटना के बाद यह खबर जंगल में आग की तरह पूरे शहर में फैल गयी। देखते ही देखते भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी गयी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजा व चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम होने की वजह से रात का समय होने के बावजूद सड़क के दोनों ओर ट्रकों की लाइन लग गई। घंटों यातायात बाधित रहा। बताया जाता है कि रोहित सिंह राठौर झंडा मैदान से अपने घर लौट रहा था। इससे पहले वह कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव को देवघर एयरपोर्ट छोड़ने गया था। वहां से लौटने के बाद रोहित झंडा मैदान में क्रिकेट मैच देखने लगा। मैच देखने के बाद वह बाइक से घर जाने के लिए निकला था और इस बीच जैसे ही वे नेताजी चौक पहुंचा था कि एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि रोहित बाइक समेत उछलकर पास खड़े एक ट्रक के नीचे जा फंसा और घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद टेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया। वहीं स्थानीय कुछ युवकों ने यह देख दूसरे ट्रक को पीछा कर रोक लिया। घटना के बाद जुटी भीड़ काफी गुस्से में थी। भीड़ जमकर हंगामा करने लगा। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गयी। लोग टेलर चालक को अविलंब गिरफ्तार करने, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने एवं शहर में अनियंत्रित भारी वाहनों पर सख्ती की मांग कर रहे थे। घटना व सड़क जाम की सूचना पर एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, डीएसपी टू कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार भारी पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास करने लगे। हालांकि आक्रोशित लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। लागों का कहना था कि ठोस कार्रवाई किये जाने के आश्वासन के बिना वे लोग सड़क जाम नहीं हटायेंगे। हालांकि पुलिस अधिकारियों की काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोग धीरे-धीरे शांत हुए और सड़क जाम हटाया तथा पुलिस ने शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




