
जमुआ: कारोडीह में मालवाहक ने मजदूर को रौंदा, मौके पर मौत
जमुआ-पंचम्बा मुख्य मार्ग पर कारोडीह गांव के पास एक मजदूर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक हुलास मोदी, जो धरचांची में काम करने आया था, तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने सुरक्षा उपायों की मांग की है, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चालक की भूमिका पर ध्यान दे रही है।
जमुआ, प्रतिनिधि। प्रखंड के जमुआ-पंचम्बा मुख्य मार्ग स्थित कारोडीह गांव के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी मौत हुई है वह व्यक्ति काम करने धरचांची आया हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक 407 मालवाहक वाहन जमुआ की ओर से गिरिडीह की दिशा में जा रहा था। इसी क्रम में सड़क पार कर रहे मजदूर को वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी तीव्र थी कि मजदूर को संभलने का कोई अवसर नहीं मिला।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना जमुआ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मृतक मजदूर की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के फुलजोरी गांव के निवासी हुलास मोदी उम्र 40 वर्ष के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन रहता है, जिसके कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने एवं पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की है। पुलिस ने कहा है कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कारवाई में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




