कोयला लदी बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत, एक माह पहले हुई थी शादी

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

बिरनी प्रखंड के चिताखारो में एक कोयला लोड मोटरसाइकिल की टक्कर से 23 वर्षीय विवेक पांडे की मौत हो गई। वह गिरिडीह जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ। गंभीर चोटों के बावजूद अस्पताल में उसे बचाया नहीं जा सका। विवेक की शादी एक महीने पहले हुई थी, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।

कोयला लदी बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत, एक माह पहले हुई थी शादी

बिरनी, प्रतिनिधि। बिरनी प्रखंड के चिताखारो में कोयला लोड मोटरसाइकिल की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान राजधनवार थाना क्षेत्र के खेरवानी गांव निवासी रामेश्वर पांडे के पुत्र विवेक पांडे (23) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे वह गिरिडीह की ओर जा रहे थे तभी गिरिडीह से कोयला लेकर आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। इस टक्कर में विवेक को सीने में गंभीर चोट आई वहीं दूसरी ओर कोयला लोड मोटरसाइकिल चालक अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जिला परिषद सदस्य सूरज सुमन मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल विवेक को इलाज के लिए गिरिडीह स्थित नव जीवन हॉस्पिटल पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टरों द्वारा उसे भर्ती नहीं लिया जिसके बाद आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।

जिला परिषद सूरज सुमन ने बताया कि विवेक ने शायद रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। काफी प्रयास के बाद भी उसे नहीं बचा पाए। मृतक विवेक के पॉकेट में आधार कार्ड था जिसके सहारे उसके परिजनों तक यह सूचना पहुंचाई गई। परिजनों के अस्पताल पहुंचते ही सभी दहाड़ मारकर रोने लगे। देर शाम तक शव का पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंपा गया। जिप सदस्य सुमन ने बताया कि परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद लगभग 2 घंटे तक पूरा अस्पताल गमगीन हो गया। एक महीना पहले ही हुई थी शादी : परिजनों ने बताया कि विवेक पांडे की शादी का आज एक महीना हुआ था और आज वह दुनियां छोड़ कर चला गया। बीते महीने 15 मार्च को बगोदर थाना क्षेत्र के बालक गांव में उसकी शादी हुई थी। आज 15 अप्रैल को शादी का एक महीना ही गुजरा था कि इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं।प्रत्येक दिन भरकट्टा ओपी से होकर गुजरती है कोयला गाड़ी : स्थानीय लोगों ने बताया कि आज जो दुर्घटना हुई वह बहुत ही दु:खद है। बताया कि प्रत्येक दिन भरकट्टा ओपी होकर लगभग 50 से अधिक कोयला लोड मोटरसाइकिल जाती है परंतु पुलिस की कार्रवाई शून्य होती है। कोई कार्रवाई नहीं होने की पीछे का कारण है कि प्रत्येक मोटरसाइकिल का भरकट्टा ओपी में इंट्री है। इधर भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक का अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। साथ ही कोयला भी कब्जे में लिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।