
ओडिशा से तीसरे दिन पहुंचा प्रवासी मजदूर का शव, माहौल गमगीन
बगोदर में प्रवासी मजदूर बिंदेश्वरी प्रसाद यादव का शव तीसरे दिन गांव पहुंचा। 12 जनवरी को ओडिशा के बालेश्वर में सड़क दुघर्टना में उनकी मौत हो गई थी। विधायक नागेन्द्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया। प्रवासी मजदूरों की समस्याओं ने एक बार फिर लोगों को विचलित किया है।
बगोदर। ओडिशा से प्रवासी मजदूर का शव तीसरे दिन बुधवार को गांव पहुंचा। शव पहुंचते हीं परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। शव आने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी घटना पर दुख जता रहे थे। बता दें कि बगोदर के चौधरीबांध पंचायत अंतर्गत कोड़ाडीह के प्रवासी मजदूर बिंदेश्वरी प्रसाद यादव की मौत 12 जनवरी को ओडिशा के बालेश्वर में सड़क दुघर्टना में हो गई थी। इधर, बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को दुखद बताया और परिजनों को हिम्मत बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके पूर्व मंगलवार को पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर हिम्मत बंधाई थी।
साथ ही हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था। मौके पर चौधरीबांध के मुखिया संजय यादव, पंचायत समिति सदस्य दिलीप रजक, बेको पूर्वी के पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी सहित श्रीकांत यादव, अर्जुन यादव, कुमोद यादव, विनय यादव, अजय यादव, कामेश्वर यादव आदि भी पहुंचे हुए थे। बता दें कि विदेशों एवं महानगरों में रहने वाले बगोदर इलाके के प्रवासी मजदूर सुरक्षित नहीं दिख रहे हैं। आए दिनों प्रवासी मजदूरों की समस्याएं उजागर होती रहती है। नाइजर में अपह्वत प्रवासी मजदूरों की साढ़े आठ महीने बाद घर वापसी अभी हुई थी कि इसी बीच एक प्रवासी मजदूर की सड़क दुघर्टना में मौत की मनहूस खबर ने एक बार फिर लोगों को विचलित कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




