तिसरी के छटा बिखेरता मनोरम स्थल के कायल हैं लोग
तिसरी, एक प्राकृतिक सौंदर्य से भरा स्थान है, जहाँ पर्यटक भट्ठीकुंड, कबूतरी पहाड़ और बदुलिया झरना जैसे स्थलों का आनंद लेते हैं। नव वर्ष 2025 का स्वागत करने के लिए लोग यहाँ की अद्भुत छटा का आनंद लेने के...

तिसरी, प्रतिनिधि। अभ्रख नगरी तिसरी प्रकृति के पूर्ण श्रृंगार से सुसज्जित तो है ही भक्ति की भी भूमि है। क्षेत्र के भट्ठीकुंड सहित कबूतरी पहाड़, झुमरखेलवा, कलवा नदी, बाघाखोल,झगरैया नदी, कोदाईबांक डैम और बदुलिया झरना आदि स्थलों का ऐतिहासिक महत्व है और पर्यटक स्थल के रूप में स्थापित भी है। झुमरखेलवा,भट्ठीकुंड, बदुलिया झरना,कलवा नदी और बाघाखोल में जहां प्रकृति ने मनोरम छटा बिखेरी है। वहीं कबूतरी पहाड़ और जमामो देवी माता रानी के मंदिर में सैलानियों की अटूट आस्था,विश्वास और समर्पण दिखता है। हरे भरे घने जंगलों के बीच छोटी-बड़ी पहाड़ियों से घिरे धार्मिक और पर्यटक स्थल कबूतरी पहाड़ सैलानियों और बच्चों को खूब लुभाता है। कबूतरी पहाड़ सहित झुमरखेलवा पहाड़ी,भट्ठीकुंड,कलवा नदी,बाघाखोल और बदुलिया झरना आदि पर्यटक स्थलों के लोग कायल हैं। यहां हर नए वर्ष के मौके पर 25 दिसंबर से लेकर जनवरी के पूरे माह भर सैलानियों का हुजूम उमड़ा रहता है। ज्ञात रहे कि 25 दिसम्बर से ही लोग तिसरी के मनोरम छटा का आनंद उठाने लगे हैं। वहीं अधिकांश लोग व्याकुलता से नए साल का इंतजार कर रहे हैं। नव वर्ष 2025 के आगमन को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं। बच्चे, युवा और युवतियों मे रातों-रात नए साल 2025 में छलांग लगाने की हलचल है। लिहाजा तिसरी के लोग कई दिनों से नए वर्ष की बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बच्चे,युवा,युवतियां व महिला,पुरुष सभी नए साल के आगाज को अच्छा अंजाम देने की तैयारी में है। नए साल के स्वागत के लिए सभी में गजब की बेचैनी है। कोई पश्चिम बंगाल के दीघा,बिहार का ककोलत आदि पर्यटक स्थलों में जाकर नया साल धूमधाम से मनाने के सपने बुन रहे हैं। तो क्षेत्र के अधिकांश लोग प्रकृति की गोद में बसे तिसरी के जंगलों से घिरे नदी,पहाड़ और झरनों में नए वर्ष के मौके पर मौज मस्ती करने का प्लान बना रहे हैं। तिसरी के अधिकांश लोगों को तिसरी का मनोरम स्थल खूब भाता है। जहां दो,चार दोस्त यार मिल रहे हैं। वहीं पर नए वर्ष व पिकनिक मनाने की चर्चा शुरू हो जाती है। घर में पत्नी और बच्चे भी अपने-अपने पति व पिता को नए साल में कहीं मनोरम स्थल ले जाने के लिए तैयार कर रहे हैं। अलबत्ता, प्रकृति ने तिसरी को अनुपम छटा से नवाजा है। यही वजह है कि तिसरी ही नहीं बल्कि दूर-दराज के लोग भी यहां के मनोरम छटा के कायल हैं। बहरहाल, तिसरी के पिकनिक स्पॉटों में 25 दिसम्बर से पूरे जनवरी माह भर सैलानियों का जनसैलाब उमड़ा रहता है।
फोटो 29 जीआरडी 171 प्राकृतिक सुंदरता के बीच कबूतरी पहाड़
172 मनोरम छटा बिखेरता भट्ठीकुंड
173 बदुलिया झरना
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।