शल्यार बाबा की विशेष पूजा में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम
झारखंड के जमुआ प्रखंड में शल्यार बाबा के दरबार में बारह वर्षों में एक बार होने वाली विशेष पूजा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। चार दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने मन्नतें मांगी और पूजा अर्चना की। मेले में आधुनिक झूलों और पारंपरिक दुकानों की रौनक रही।

झारखंडधाम, प्रतिनिधि। जमुआ प्रखंड के शाली पंचायत सचिवालय के समीप स्थित शल्यार बाबा का दरबार एक बार फिर आस्था के सैलाब से सराबोर दिखा। बारह वर्षों में एक बार आयोजित होने वाली विशेष पूजा के अवसर पर शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चार दिवसीय इस आयोजन का समापन भी शनिवार को हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को धार्मिक उत्सव में बदल दिया। शल्यार बाबा लोक आस्था के ऐसा केंद्र है, जहां श्रद्धालु अटूट विश्वास के साथ अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां मांगी गई हर सच्ची मन्नत पूरी होती है और कामना पूर्ण होने पर भक्त परंपरा अनुसार पुनः आकर विधि-विधान से पूजा अर्पित करते हैं।
बाबा को भेड़ अत्यंत प्रिय माना जाता है और विशेष अवसरों पर भेड़ की बलि भी दी जाती है। वहीं अधिकांश श्रद्धालु नारियल, फल, मिठाई, बताशे, धूप-दीप और नवैद्य चढ़ाकर पूजा करते नजर आए। जानकारों ने बताया कि यह परंपरा लगभग चार सौ वर्ष पुरानी है। शल्यार बाबा को क्षेत्र में लोक देवता के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त है। यद्यपि यहां हर वर्ष पूजा होती है, लेकिन बारह साल में होने वाली विशेष पूजा का महत्व अलग ही होता है। जिसमें झारखंड के साथ-साथ बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इन दिनों शाली पंचायत के हर घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहा, जिससे पूरा इलाका मानो एक विशाल परिवार में तब्दील हो गया।पूजा स्थल पास भव्य मेला का आयोजन श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र पास में लगा मेला बना रहा। मेले में इलेक्ट्रिक झूले, ब्रेक डांस, रेल और जहाज जैसे आधुनिक झूले बच्चों और युवाओं को खूब लुभाते दिखे, वहीं खान-पान और पारंपरिक दुकानों पर भी अच्छी खासी रौनक रही। पूजा के सफल संचालन के लिए गठित समिति ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। समिति में मनोज विश्वकर्मा, हरि विश्वकर्मा, पिंकू राणा, किशोर दास, टिकैत दास, सुरेश दास, केदार मंडल, बोधि, सुनील यादव, विवेक कुमार, पिंटू वर्णवाल, प्रवीण मोदी, भरत मोदी, वकील विश्वकर्मा, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, प्रदीप मोदी, शिबू राय, शत्रुघ्न दास, विवेक दास, रंजीत, बासुदेव विश्वकर्मा, नकुल विश्वकर्मा सहित कई सदस्य सक्रिय भूमिका में रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


