लोकाय नयनपुर में संदेहास्पद परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत
तिसरी प्रखंड के पनियाय गांव में नव विवाहिता सुरुजमुनी मरांडी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति का कहना है कि पत्नी ने जहर खा लिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

तिसरी। तिसरी प्रखंड के अंतर्गत लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के पनियाय गांव में सोमवार देर रात विशुन मुर्मू की नव विवाहिता पत्नी सुरुजमुनी मरांडी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति ने ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। जबकि मृतका के ससुराल वालों का कहना है कि सोमवार को पति और पत्नी के बीच में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला ने गुस्से में जहर खाकर जान दे दी है। इधर लोकाय नयनपुर थाना की पुलिस उक्त घटना की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि तिसरी थाना क्षेत्र के मलूकचाल गांव के निवासी अरुण मरांडी की 20 वर्षीय पुत्री सुरुजमुनी मरांडी की 6 माह पहले पनियाय गांव के विशुन मुर्मू के साथ आदिवासी रीति रिवाज से शादी हुई थी।
पिछले 6 माह से दोनों का दाम्पत्य जीवन खुशीपूर्वक चल रहा था। सोमवार को सुरुजमुनी मरांडी अपने पति विशुन मुर्मू के साथ सोहराय मनाने के लिए मलूकचाल स्थित अपने मायके आई थी। गांव में सोहराय का माहौल था और नाच गान चल रहा था। गांव के लोग नाचने गाने में मशगूल थे। कहते हैं कि इसी दौरान विशुन मुर्मू ने अपनी पत्नी पर शक करके झगड़ा करने लगा। पति ने सुरुजमुनी पर आरोप लगाकर उसकी पिटाई भी कर दी। जिसके बाद सुरुजमुनी की मां और पिता ने अपनी बेटी और दामाद को समझा बुझाकर दोनों के बीच में बीच सुलह करवा दिया। जिसके बाद विशुन अपनी पत्नी सुरुजमुनी के साथ रात में ही पनियाय गांव स्थित अपना घर चला गया। विशुन के अनुसार रात में परिवार के लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। तभी मौका पाते ही सुरुजमुनी ने कीटनाशक खा ली जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ते देख विशुन अन्य लोगों के साथ सुरुजमुनी को तिसरी अस्पताल लेकर आए। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। फिर वेलोग सुरुजमुनी को घर वापस लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जबकि मृतका के पिता अरुण मरांडी और मां तालो मुर्मू ने अपने दामाद पर सुरुजमुनी की हत्या करने का आरोप लगाया है। इधर इस घटना की जानकारी मिलने पर लोकाय नयनपुर के थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी अन्य पुलिस बल के साथ पनियाय गांव पहुंचे। इस दौरान पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




