Gridih News: दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
Gridih News: धनवार प्रखंड मुख्यालय में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। इसमें धनवार एवं गावां प्रखंड के वीएलई भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण में पंचायतों से संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है, हालांकि कुछ प्रतिभागियों ने मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत की है।

Gridih News: राजधनवार, प्रतिनिधि। पंचायतों में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में धनवार प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार से दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। सबकी योजना-सबका विकास अभियान 2026-27 के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में धनवार एवं गावां प्रखंड के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर्स (वीएलई) भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य
जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं डेटा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है। प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन वीएलई को पंचायतों से संबंधित तीन प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) पोर्टल तथा निर्णय पोर्टल-के संचालन, ऑनलाइन प्रविष्टि और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को इन पोर्टलों पर योजनाओं की ऑनलाइन एंट्री, रिपोर्ट तैयार करने, मॉनिटरिंग तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रतिभागियों की शंकाएं
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। यह प्रशिक्षण पंचायती राज विभाग, झारखंड (रांची) के निर्देश के आलोक में आयोजित किया जा रहा है। विभाग के आदेश के बाद जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके अनुपालन में धनवार के बीडीओ ने अपने प्रखंड के सभी संबंधित पंचायतों के वीएलई को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया था। इसी के तहत धनवार के अलावा गावां प्रखंड के वीएलई भी प्रशिक्षण में भाग लेकर डिजिटल कार्यप्रणाली की बारीकियां सीख रहे हैं। प्रशिक्षण में शामिल कुछ वीएलई ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण की गुणवत्ता अच्छी है और मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पोर्टलों की जानकारी विस्तार से दी जा रही है। हालांकि प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाएं अपेक्षा के अनुरूप नहीं हैं। उनका कहना था कि प्रशिक्षण स्थल पर पेयजल एवं भोजन की व्यवस्था कमजोर है। इसके अलावा जिस सभागार में प्रशिक्षण चल रहा है, वहां अत्यधिक गर्मी होने के कारण पूरे दिन बैठकर प्रशिक्षण लेना काफी मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर सीएससी के जिला प्रबंधक रमेश कुमार ठाकुर ने कहा कि अब तक किसी प्रतिभागी की ओर से उन्हें कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि प्रशिक्षण स्थल पर भोजन, पेयजल या अन्य किसी प्रकार की सुविधा में कमी है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण में शामिल सभी वीएलई को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
आम सवाल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


