Gridih News: बगोदर में मूसलाधार बारिश से निचले इलाके में बाढ़ जैसे हालात

हिन्दुस्तान, गिरडीह
Follow us on Google News
share

Gridih News: बगोदर में सोमवार रात हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इससे फसलों और खाद्य सामग्रियों को नुकसान हुआ है। कई घरों में पानी भर गया है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रभावित लोग जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

बगोदर में मूसलाधार बारिश से निचले इलाके में बाढ़ जैसे हालात
बगोदर में मूसलाधार बारिश से निचले इलाके में बाढ़ जैसे हालात

Gridih News: बगोदर। सोमवार रात हुई भीषण बारिश ने बगोदर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दी है। पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। इससे फसलों के नुकसान होने के साथ खाद्य सामग्रियां भी बर्बाद हुई है। पुल-पुलिया के ऊपर से पानी का बहाव होने से आवागमन भी प्रभावित रहा। सड़क किनारे कई जगहों पर पेड़ गिर गए। बगोदर नीचे बाजार के दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुसने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। बेको बोनबांध का मेढ़ टूटने से भी बेको और घंघरी के सैकड़ों किसानों की फसलें डूब गईं।

प्रभावित आवागमन

चौधरीबांध रेलवे क्रासिंग फाटक के अंडरपास में जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई। पोखरिया-खेतको के बीच यमुनिया नदी और बेको- पारटांड़ के बीच स्थित नदी पुल के ऊपर से पानी बहता रहा। घंघरी में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन ठप रहा। कई जगहों पर नदी-तालाबों के स्नान घाट भी धराशायी होने की खबर है।

जल निकासी की समस्या

बगोदर मुख्यालय में बगोदर बाजार से लेकर ब्लॉक हाई स्कूल तक का सारा पानी ढलान के कारण नीचे बाजार में पहुंचता है। यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी सीधे रिहायशी इलाकों में घुस गया और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। आधी रात के बाद लोग जागकर घरों से पानी निकालते रहे। सुबह मोटर पंप लगाकर पानी निकाला गया।

आर्थिक नुकसान

सुखदेव यादव सहित कई घरों के निचले हिस्से तालाब में तब्दील हो गए और घरों का सामान पानी में तैरता नजर आया। खाद्य सामग्री पूरी तरह बर्बाद हो गई। घरों में पानी घुसने से लोगों को लाखों रूपए का नुकसान हुआ है। बगोदरडीह निवासी रंजीत यादव, भुक्तभोगी सुखदेव यादव एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुखदेव राणा आदि ने बताया कि जीटी रोड चौड़ीकरण से पहले यहां पानी निकासी के लिए बड़ी पुलिया थी, लेकिन चौड़ीकरण के दौरान पुलिया संकरी कर दी गई। इससे पानी की समुचित निकासी नहीं हो पाता है और गंदा पानी घरों में घुस जाता है। लोगों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। बेको- घंघरी के किसानों ने फसल क्षति की भरपाई की भी मांग की है। साथ हीं टूटे मेढ़ की जल्द मरम्मत कराए जाने की मांग की है। बता दें कि सोमवार से इलाके में रह-रहकर बारिश हो रही है। रात में भारी बारिश हुई। मंगलवार को भी दिन में बारिश होती रही।

सामान्य प्रश्न

✦बगोदर में बाढ़ के कारण क्या हुआ?−
बगोदर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हुई, जिससे फसलों और खाद्य सामग्रियों को नुकसान हुआ है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsझारखंड न्यूज़गिरिडीहGridih News: बगोदर में मूसलाधार बारिश से निचले इलाके में बाढ़ जैसे हालात