
शाम होते ही लुढ़क रहा है तापमान, घरों में दुबक रहे हैं लोग
गिरिडीह में ठंड बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री और अधिकतम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शीतलहर के कारण विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं।
गिरिडीह। जिलेभर में ठंड घटने का नाम नहीं ले रहा है। शाम होते ही तापमान अचानक लुढ़क जा रहा है और ठंड़ में एकबारगी बढ़ोतरी हो जा रही है। इससे बुधवार को लोगों की मुश्किलें बढ़ी रही। पूरे दिन शीतलहर चलती रही। इससे बच्चों और बुजुर्गो में स्वास्थ्य की परेशानी बढ़ी रही। कंपकंपी में महिलाओं को घरेलू कामकाज में दिक्कतें होती रही। बेजुबान भी सर्दी से बेहाल रहे। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलती रही। धुंध की वजह से दृश्यता भी काफी कम रही।
इससे वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। लोगों की दिनचर्या भी ठंड के चलते बदली रही। हालांकि दिन में धूप खिलने से लोग राहत महसूस करते हैं लेकिन शाम होते ही ठंड़ काफी बढ़ जा रही है। धूप के बीच भी ठिठुर रहे लोग कड़ाके की ठंड और शीतलहर में जनजीवन भी अस्त-व्यस्त रहा। सुबह और शाम धुंध से जनजीवन की रफ्तार रुकी रही। दोपहर में धूप निकलने के बावजूद लोगों को कंपकंपी से राहत नहीं मिली। लोग धूप और हीटर के सहारे कंपंकपी कम करने का प्रयास करते दिखे। कंपकंपी के कारण शहर से लेकर गांव तक का हाट-बाजार सुना रहा। रात 8 बजते ही शहर की दुकानें बंद होने लगी। इधर ठंड का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल के ओपीडी में मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक अस्थमा, सर्दी-खांसी, बुखार और कोल्ड डायरिया के मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं चिकित्सकों द्वारा रक्तचाप, हृदय रोगियों, बच्चों और बीमारों को खुली हवा में बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दे रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




