सड़क हादसे में दो घायल, एक रेफर
खोरीमहुआ के गुंडरी मोड़ पर शनिवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बासदेव साव को गंभीर स्थिति में रांची रेफर किया गया, जबकि बाइक सवार का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसे ग्रामीणों ने शांत कराया।

खोरीमहुआ। घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के गुंडरी मोड़ के पास शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार सहित दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए एक को रांची रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के तेलोकुरी गांव निवासी बासदेव साव पिता छत्रधारी साव महेशमरवा स्थित धनी आहार से अपनी बहन के घर मुंडन कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुंडरी मोड़ के पास सामान खरीदने के लिए जैसे ही सड़क किनारे उतरे सामने से आ रही एक अनियंत्रित बाइक की चपेट में आ गए। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दुर्घटना में बाइक सवार घोड़थम्भा निवासी अभिमन्यू साव पिता- अरविंद साव भी घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को घोड़थम्भा स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने बासदेव साव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। वहीं बाइक सवार युवक का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। जिसे ग्रामीणों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



