Gridih News: चलती स्कूटी में लगी आग, स्वास्थ्यकर्मी बाल-बाल बचे
Gridih News: पीरटांड़ में मधुबन मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जल गई। घटना के दौरान स्कूटी सवार सुरक्षित बच गया। वह पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी है।

Gridih News: पीरटांड़, प्रतिनिधि। मधुबन मुख्य मार्ग पर सिद्धायतन के समीप मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद मार्ग से गुजर रहे राहगीरों में भी कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। स्कूटी पेट्रोल से चलनेवाली थी। बताया जाता है कि स्कूटी सवार मधुबन मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। सिद्धायतन के समीप पहुंचते ही अचानक स्कूटी में आग लग गई। आग लगने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है। स्कूटी में आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित दूरी बना ली।
इसके बाद आसपास मौजूद राहगीर मौके पर जुट गए। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ ही देर में पूरी स्कूटी आग की चपेट में आ गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना के दौरान सड़क पर राहगीरों की भीड़ जुट जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस अगलगी में स्कूटी सवार पूरी तरह सुरक्षित बच गया। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी हैं।


