
रूसी क्रांति दिवस पर मोहनपुर में निकाली गई रैली
गिरिडीह के मोहनपुर में शुक्रवार को रूसी क्रांति दिवस का आयोजन हुआ। असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रैली, जुलूस और आमसभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हलधर महतो और पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने केंद्र व राज्य सरकार पर हमले किए। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह-टुण्डी रोड स्थित मोहनपुर में रूसी क्रांति दिवस पर शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित था। कार्यक्रम में रैली, जुलूस और आमसभा का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो और विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व विधायक राजकुमार यादव शामिल हुए। आमसभा में नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार पर हमला बोला। कहा कि लाल झंडा से ही क्रांति संभव है। कार्यक्रम को लेकर औद्योगिक क्षेत्र मोहनपुर में क्रांतिकारी विचार वाले ग्रामीण, असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो, माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, जिला सचिव अशोक पासवान, किसान नेता पूरन महतो, माले नेता परमेश्वर महतो, दीपनारायण भट्टाचार्य, राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, शंकर पांडेय आदि के नेतृत्व में लोग झंडा-बैनर के साथ रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए मोहनपुर स्थित सभा स्थल पहुंचे।
इस दौरान लोग भाकपा माले जिंदा बाद, रूसी क्रांति जिंदाबाद, असंगठित मजदूर मोर्चा जिंदाबाद, मजदूर एकता जिंदाबाद आदि के नारे लगा रहे थे। रैली में महिला, बच्चे, किसान, मजदूर, छात्र, महिला आदि शामिल थे। ढोल, नगाड़े और लाल झंडे से वातावरण क्रांतिकारी बना रहा। सभा स्थल पर हसुआ हथौड़ा चिन्ह का झंडा फहराया गया। इसके बाद शहीदों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। सभी ने बारी बारी से शहीद बेदी पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मंच से मुख्य अतिथि पोलित ब्यूरो के सदस्य हलधर महतो ने कहा कि हम रूसी क्रांति दिवस गिरिडीह में मना रहे है। उनके इतिहास को जान रहे है तो निश्चित है कि आज के मजदूर और जनता लाल झंडा के सिपाही ही कुछ कर सकते है। बाकी चुनावी पार्टियों से क्रांतिकारी बात सोचना अलग बात है। पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि रूसी क्रांति दिवस औद्योगिक क्षेत्र में मनाया जा रहा है। लाल झंडा ही इस क्षेत्र को सुधार सकता है। जल जंगल और जमीन को लाल झंडा ही बचा सकता है। कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार के अधिकारी, लेबर अफसर पूंजीपति के हाथों बिके हुए है। ये वास्तविक मजदूरी नहीं दिलवा नहीं सकते है। प्रदूषण कम नहीं करा सकते है। आज काले अंग्रेज के कारण गिरिडीह बर्बाद हो रहा है। सबको सबक सिखाने की जरूरत है। जिला सचिव अशोक पासवान, किसान नेता पूरन महतो, असंगठित मजदूर मोर्चा के सलाहकार दीपनरायण भट्टाचार्य, माले नेता परमेश्वर महतो, राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, पीरटांड़ के अजीत राय, द्वारिका राय, शंकर पांडेय आदि ने कहा कि रूसी क्रांति के इतिहास को पढ़ने की जरूरत है। मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने क्रांतिकारी लोग खुद आगे आएं। मंच संचालन पवन यादव व समापन भाषण कन्हाई पांडेय ने दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




