आदर्श कॉलेज के स्नातक सेमेस्टर-7 के रौनक का चयन
राजधनवार के आदर्श कॉलेज के छात्र रौनक कुमार मिश्रा का चयन 50वीं कमल नयन बजाज स्मृति राष्ट्रीय वाक् प्रतियोगिता-2026 के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 22-23 जनवरी 2026 को वर्धा, महाराष्ट्र में होगी। रौनक ने युवा महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अब विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राजधनवार, प्रतिनिधि। आदर्श कॉलेज, राजधनवार के स्नातक सेमेस्टर-7 के छात्र रौनक कुमार मिश्रा का चयन शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 50वां कमल नयन बजाज स्मृति राष्ट्रीय वाक् प्रतियोगिता-2026 के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 एवं 23 जनवरी 2026 को वर्धा, महाराष्ट्र में आयोजित होगी। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के द्वारा जारी अधिकारिक पत्र के अनुसार, रौनक मिश्रा इस प्रतियोगिता में विनोबा भावे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। रौनक धनवार थाना क्षेत्र तेलोडीह निवासी हैं। इनका चयन विश्वविद्यालय स्तर पर किया गया है। बता दें कि रौनक मिश्रा ने विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित युवा महोत्सव की वाग्मिता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
यह राष्ट्रीय वाक् प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से लगभग 50 चयनित प्रतिभागी भाग लेंगे। ऐसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करना न केवल रौनक मिश्रा के लिए, बल्कि आदर्श कॉलेज और विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ) बिमल कुमार मिश्रा ने कहा कि आदर्श कॉलेज के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरास्ट्रीय स्तर पर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सके इसके लिए कॉलेज सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। रौनक मिश्रा के चयन से कॉलेज परिवार, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में हर्ष का वातावरण है। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इसे विश्वविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व की उपलब्धि बताते हुए रौनक मिश्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


