Gridih News: मानवता की सेवा का वैश्विक अभियान है रोटरी क्लब : अनु नारंग
Gridih News: रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह का 69वां पदस्थापना समारोह शनिवार को होटल संगम गार्डन में हुआ। मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने रोटरी के उद्देश्यों को साझा किया। नवमनोनीत अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता ने विभिन्न सेवा परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करने का आश्वासन दिया। समारोह में कई गणमान्य नागरिक और रोटरी सदस्य शामिल हुए।

Gridih News: रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह का 69वां पदस्थापना समारोह शनिवार देर शाम को होटल संगम गार्डन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। समारोह की मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रवि चूड़ीवाला उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन संतोष अग्रवाल ने किया। स्वागत भाषण रोटेरियन विजय सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन प्रकाश सहाय ने दिया। समारोह में रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष और रोटेरियन मनीष बर्नवाल ने सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया।
निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन पियूष मुसद्दी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और सेवा कार्यों में योगदान देने वाले सदस्यों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। नवमनोनीत अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि रोटरी के नए संदेश क्रिएट लास्टिंग इंपैक्ट के साथ क्लब सेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाएंगें। रोटरी नेत्र चिकित्सालय, डायलिसिस सेंटर, फिजियोथेरेपी सेंटर, सहेली सेंटर, एम्बुलेंस सेवा, शव वाहन सेवा और आई चेकअप वैन जैसे स्थायी प्रकल्पों को सशक्त किया जाएगा। इसके साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास पर नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। मुख्य अतिथि अनु नारंग ने कहा कि रोटरी केवल संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक अभियान है। उन्होंने सर्विस एबव सेल्फ की भावना से काम करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने रोटरी गिरिडीह के वर्षों से चल रहे सेवा कार्यों की सराहना भी की। समारोह में राजेंद्र बगड़िया, प्रमोद अग्रवाल, गुणवंत सिंह मोंगिया, प्रदीप डालमिया, रेडक्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार, चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, राहुल बर्मन सहित शहर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य व परिवारजन उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


