रामनवमी मिलन समारोह स्थल पर अतिक्रमण का आरोप
गावां प्रखंड के बेलखुट्टा में रामलीला मैदान में रामनवमी मिलन समारोह को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है। पूजा समिति ने आरोप लगाया है कि कुछ ग्रामीणों ने मैदान की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है। प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है।

गावां, प्रतिनिधि। गावां प्रखंड अंतर्गत ग्राम बेलखुट्टा के समीप स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होनेवाले रामनवमी मिलन समारोह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बजरंगबली पूजा समिति, नीमाडीह द्वारा गावां सीओ व गावां थानेदार को आवेदन देकर आरोप लगाया गया है कि कुछ ग्रामीणों ने मैदान की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे कार्यक्रम के आयोजन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है। आवेदन में बताया गया है कि वर्षों से उक्त मैदान में रामनवमी पूजा के अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन होता आ रहा है। लेकिन इस वर्ष कुछ लोगों द्वारा निजी स्वार्थ के लिए मैदान के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया गया है।
समिति के सदस्यों ने रविवार को स्थल का निरीक्षण करने पर पाया कि जमीन की जोताई कर दी गई है तथा कुछ हिस्सों में सोलर प्लांट भी लगा दिया गया है। समिति के अनुसार, अतिक्रमण करने वाले लोग जमीन खाली करने को तैयार नहीं हैं, जिससे रामनवमी मिलन समारोह में बाधा उत्पन्न होने की संभावना बनी हुई है। इस संबंध में पूर्व में भी अंचल कार्यालय को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर अविलंब अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि रामनवमी का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। आवेदन पर भाकपा माले प्रखंड सचिव सकलदेव यादव, संजय यादव, राजेन्द्र मिस्त्री, अजय कुमार पंडित, उमेश यादव, मुकेश कुमार, रणधीर कुमार, लक्ष्मण यादव, रामबिलास कुमार, चन्दन कुमार, आलोक कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


