Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsRailway Platform Construction Issues Prompt Investigation After News Report
डीआरएम ने महेशमुंडा प्लेटफॉर्म के फर्श ढ़लाई की जांच के दिए निर्देश

डीआरएम ने महेशमुंडा प्लेटफॉर्म के फर्श ढ़लाई की जांच के दिए निर्देश

संक्षेप: बेंगाबाद के महेशमुंडा प्लेटफ़ॉर्म पर फर्श ढलाई में गड़बड़ी की शिकायत के बाद, आसनसोल रेल डिविजन के डीआरएम ने जांच के आदेश दिए हैं। मुखिया मो. सिद्दीक अंसारी ने मीडिया में इस मुद्दे को उठाया था, जिससे...

Mon, 27 Oct 2025 12:19 AMNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। हिन्दुस्तान अखबार में महेशमुंडा प्लेटफ़ॉर्म की फर्श ढलाई में गड़बड़ी पर विरोध की छपी खबर का असर हुआ। आसनसोल रेल डिविजन के डीआरएम ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और इस मामले के शिकायतकर्ता मधवाडीह पंचायत के मुखिया मो. सिद्दीक अंसारी के मोबाइल पर डीआरएम ने धन्यवाद भी कहा है। डीआरएम ने मुखिया के मोबाइल पर भेजे गए संदेश में कहा है कि हमसे संपर्क करने के लिए धन्यवाद। आपकी प्रतिक्रिया से हमें अपनी सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को भेज दिया गया है।

बतला दें कि महेशमुंडा प्लेटफ़ॉर्म फर्श ढलाई में भारी अनियमितता बरते जाने के सवाल पर मुखिया सहित कई लोगों ने इसका विरोध किया था। हिन्दुस्तान ने 24 अक्टूबर को प्रकाशित अंक में इस मामले को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अखबार के कतरन के साथ मुखिया ने पीएम, रेल मंत्री और आसनसोल रेल डिविजन के डीआरएम को एक्स पर पोस्ट कर महेशमुंडा रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य एंव फर्श के ढलाई कार्य में भारी गड़बड़ी होने की शिकायत भेजी थी। रेल डिविजन के साथ रेल मंत्री ने भी इस मामले को संज्ञान में ले लिया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। ज्ञात हो कि ब्रिटिश शासन काल में बने महेशमुंडा रेलवे स्टेशन का रेल विभाग द्वारा जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है। कार्य की शुरूआती दौर में ही निर्माण कार्य में भारी गड़बड़ी किये जाने पर मुखिया की अगुवाई में लोगों ने इसका विरोध किया और कार्य की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए विभाग के जेई को चेतावनी दी लेकिन जेई ने कहा था कि केंद्र सरकार का काम ऐसा ही होता है। तब मुखिया ने हिन्दुस्तान संवाददाता को इस मामले से अवगत कराया और दैनिक हिन्दुस्तान ने गड़बडी किये जाने के मामले को हिन्दुस्तान में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिससे संवेदनशील हुए रेल विभाग ने जांच का निर्देश दिया है।