Gridih News: डुमरी: बलथरिया में प्रस्तावित माइंस के लिए लोक सुनवाई
Gridih News: डुमरी प्रखंड के बलथरिया पंचायत में कोरियाडीह गांव में जय बाबा झारखंड स्टोन के लिए पर्यावरण स्वीकृति की लोक सुनवाई आयोजित की गई। ग्रामीणों ने माइंस से होने वाले प्रदूषण और अन्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। इस मौके पर एसडीएम राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीणों के मुद्दों को सुना और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Gridih News: डुमरी, प्रतिनिधि। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को डुमरी प्रखंड के बलथरिया पंचायत अंतर्गत कोरियाडीह गांव में मेसर्स जय बाबा झारखंड स्टोन के कोरियाडीह स्टोन डिपॉजिट को पर्यावरण स्वीकृति प्रदान करने के लिए लोक सुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरी एसडीएम राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने की। लोक सुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित माइंस से होने वाले प्रदूषण, धूलकण, सड़क की स्थिति, आवागमन समेत अन्य समस्याओं को एसडीएम के समक्ष बारी-बारी से रखा। ग्रामीणों ने माइंस संचालन से पर्यावरण और आम लोगों पर पड़नेवाले संभावित प्रभाव को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर उन्हें लोक सुनवाई की अध्यक्षता की जिम्मेदारी दी गई थी। पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित माइंस को लेकर पर्यावरण स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत लोक सुनवाई आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को दर्ज किया गया है। माइंस संचालक और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों के सवालों का जवाब भी दिया गया। अब लोक सुनवाई में सामने आए तथ्यों और सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद एवं धनबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी, डुमरी सीओ शशिभूषण वर्मा, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि परमेश्वर नायक, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नरेश महतो, सुभाष पंडित समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।


