Gridih News: सड़क के गड्ढ़ों और कीचड़ में मछली डाल ग्रामीणों ने जताया विरोध
Gridih News: बारिश में बदहाल हुई सड़क, छात्र-छात्राओं समेत राहगीरों को हो रही परेशानी गावां प्रखंड के बेन्ड्रो गांव में सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों औ

Gridih News: गावां, प्रतिनिधि। गावां प्रखंड के बेन्ड्रो गांव में सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों में जमा पानी और कीचड़ में मछली डालकर विभाग के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी मुख्य मार्ग से प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली यह सड़क ठाकुर बाबा पिंडा, बली स्थान, मध्य विद्यालय और श्मशान घाट तक जाने का प्रमुख मार्ग है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनमें पानी और कीचड़ जमा रहने से सड़क की हालत तालाब जैसी हो गई है।
इससे पैदल राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।इंकलाबी नौजवान सभा के प्रखंड अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य सांख अकलेश यादव ने कहा कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार विधायक बाबूलाल मरांडी, सांसद अन्नपूर्णा देवी समेत संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई है। इसके बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि करीब तीन माह पूर्व सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर तत्काल आवागमन बहाल कराया गया था, लेकिन बारिश होते ही सड़क फिर गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई। उन्होंने कहा कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति को लेकर जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में श्रवण कुमार, बासो महतो, दिलीप कुमार, धीरज कुमार, पंकज कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


