गर्मी के पूर्व खराब चापाकलों की मुखिया ने कराई मरम्मत
बगोदर प्रखंड के पोखरिया पंचायत के मुखिया प्रदीप महतो ने गर्मियों को देखते हुए 12 खराब चापाकलों की मरम्मत कराई है। इससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह पहल ग्रामीणों की शिकायत के बाद की गई है, और सभी चापाकल वर्तमान में कार्यशील हैं।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर प्रखंड के पोखरिया पंचायत के मुखिया प्रदीप महतो ने आगामी गर्मी को देखते हुए पंचायत में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराई है। पंचायत में खराब पड़े कुल 12 चापाकलों की मरम्मत उनके द्वारा कराई गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जूझना नहीं पड़े इसके लिए उनके द्वारा यह पहल की गई है। बताया कि पंचायत के विभिन्न गांवों में स्थित एक दर्जन चापाकल खराब पड़े थे। इसके कारण ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा था। ग्रामीणों के द्वारा इसकी शिकायत मुझसे की गई थी एवं खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराए जाने की मांग की गई थी।
इसे देखते हुए मैंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संपर्क कर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराई गई। मरम्मत के बाद चापकलों से पानी निकलना शुरु हो गया है और स्थानीय लोगों को चापाकलों का लाभ मिलने लगा है। उन्होंने बताया कि पोखरिया में सात, तारानारी में तीन एवं पोचरी में 2 कुल 12 चापाकलों की मरम्मत कराई गई है। उन्होंने बताया कि मरम्मत के बाद फिलहाल पंचायत के सभी चापाकलों का सदुपयोग किया जा रहा है। बताया कि इस बीच भी अगर कोई चापाकल खराब होता है तब उसकी भी मरम्मत कराई जाएगी। गर्मी के मौसम में पंचायत के लोगों को पानी की समस्या से जूझने नहीं दिया जाएगा। मुखिया ने यह भी बताया कि पंचायत में लगभग डेढ़ दर्जन जल मीनार हैं। फिलहाल सभी जल मीनार चालू स्थिति में है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


