बारिश शुरू होते ही बिजली व्यवस्था ध्वस्त, अंधेरे में रहे ग्रामीण
जमुआ प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की भारी किल्लत के कारण हाहाकार मचा रहा। बारिश के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। तकनीकी फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।

जमुआ, प्रतिनिधि। जमुआ प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को बिजली की भारी किल्लत के कारण हाहाकार मचा रहा। मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश के साथ ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विद्युत लाइन में जगह-जगह फॉल्ट आने के कारण बुधवार को ग्रामीण इलाकों में करीब सात से आठ घंटे तक बिजली बाधित रही। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बारिश थमने के बाद आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जब बिजली नहीं आई, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करना शुरू किया।
तब विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि बारिश के कारण कई स्थानों पर लाइन में फॉल्ट आ गए हैं, जिन्हें ठीक करने का कार्य जारी है। मरम्मत के बाद ही देर से बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। लंबी बिजली कटौती का सबसे बुरा असर जलापूर्ति पर पड़ा। घंटों बिजली गुल रहने के कारण घरों की पानी की टंकियां खाली हो गईं, जिससे लोगों को नहाने, कपड़े धोने और खाना बनाने जैसे दैनिक कार्यों में भारी समस्या हुई। समाजसेवी विश्वनाथ सिंह, रघुनाथ सिंह, सिकंदर साव, शंकर साव, देवानंद यादव, अभिनव कुमार पासवान और अनिल भूषण पासवान समेत कई ग्रामीणों ने विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि आए दिन मेंटेनेंस (रखरखाव) का दावा करने के बावजूद मामूली बारिश शुरू होते ही व्यवस्था चरमरा जाती है। इधर बिजली विभाग के सहायक अभियंता रामसुंदर राम ने बताया कि बारिश के दौरान मुख्य लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉल्ट को चिन्हित कर उसे दुरुस्त कर लिया गया है और अब आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


