
छठे दिन अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
खोरीमहुआ में धनवार नगर पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गईं। अब तक 14 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। चुनावी माहौल उत्साहित है, और प्रशासन निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए तैयार है।
खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में मंगलवार को धनवार नगर पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गईं। चुनाव को लेकर क्षेत्र में उत्साह और हलचल का माहौल बना हुआ है। लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर मतदाता और संभावित प्रत्याशी दोनों ही पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नाम निर्देशन प्रक्रिया के अंतर्गत अब तक कुल 14 लोगों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे हैं, जिससे यह साफ है कि इस बार चुनावी मुकाबला काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहने वाला है। धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी सरगर्मी और अधिक तेज़ हो गई है।
मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए छः प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया एल.आर.डी.सी. खोरीमहुआ सह निर्वाची पदाधिकारी सुनील कुमार प्रजापति, अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी अभिषेक कुमार, एवं जमुआ अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा की उपस्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। गाजे-बाजे और नारों के बीच पहुंचे प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के दौरान प्रत्याशी अपने समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ गाजे-बाजे, नारों और उत्साह के बीच अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। इससे पूरे परिसर में चुनावी रंग और जोश देखने को मिला। नामांकन दाखिल करने वाले अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों में सुनीता गुप्ता, पवन कुमार साव, अरविन्द कुमार निषाद, पिंटू कुमार, सुरेश प्रसाद साह, राजेश कुमार के नाम शामिल हैं। वहीं नामांकन दाखिल करने के साथ ही प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। वहीं प्रशासन भी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कुल मिलाकर धनवार नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है और आनेवाले दिनों में चुनावी माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




