गिरिडीह में पदस्थापित दारोगा पर पत्नी ने कराई प्राथमिकी
गिरिडीह में एक दारोगा के खिलाफ उसकी पत्नी करिश्मा कुमारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पति ने नशे की हालत में मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि दारोगा...

गिरिडीह। गिरिडीह ट्रैफिक थाना में पदस्थापित एक दारोगा के विरूद्ध उसकी पत्नी की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में दारोगा की पत्नी करिश्मा कुमारी द्वारा कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं। नगर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। हालांकि दारोगा ने आरोपों को निराधार बताया है और कहा है कि यह मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद का है और जल्द ही वे लोग मामले को आपस में सलटा लेगें। करिश्मा का कहना है कि वे लोग गिरिडीह शहर में एक निजी आवास में रहते हैं। उसी फ्लैट में उसके पति दूसरे कमरे में रहते हैं। उसके पति का खूंटी जिले की रहनेवाली एक लड़की से अवैध संबंध है। 16 दिसंबर को उसके पति नशे की हालत में आवास आए और उसे गाली-गलौज व मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसका मोबाइल भी छिन लिया गया। उसके भाई को जब कुछ अनहोनी का संदेह हुआ तो रात 12 बजे एसपी गिरिडीह को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद नगर थाना के पुलिस अधिकारी आए और उसकी बिगड़ती हालत को देख उसे सदर अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया और उसके बाद आवास में लाकर छोड़ दिया गया। 30 जुलाई 2024 को 10 बजे सुबह भी उसके पति द्वारा उसके साथ जमकर मारपीट की गई थी। उस दौरान भी पुलिस ने उसे सदर अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।