
पुलिस को सूचना देकर घर से बाहर जाएं: थाना प्रभारी
बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने एक नई पहल शुरू की है। अगर कोई नागरिक अपने घर को बंद करके बाहर जाता है, तो उसे पुलिस को सूचित करना चाहिए। इससे चोरी और डकैती की घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पड़ोसियों और चौकीदारों को भी इस बारे में जानकारी दें।
बगोदर, प्रतिनिधि। यदि आप घर को बंद कर पूरे परिवार के साथ कहीं बाहर जा रहे हैं या फिर आप अपने घर में ताला बंद कर कहीं बाहर रहते हों तब आपको इस बात की जानकारी पुलिस को देनी चाहिए। पुलिस अपने स्तर पर आपकी संपत्ति की सुरक्षा करेगी। पुलिस को आपकी मेहनत की कमाई की चिंता है। उसे इस बात की चिंता की है कि आपकी मेहनत की कमाई कहीं चोरी न कर ली जाए। बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने ऐसी अनोखी पहल शुरू की है। चोरी व डकैती की घटना पर विराम लगाने को लेकर व बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत विधि - व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने आम लोगों से यह अपील की है।
थाना प्रभारी ने कहा है कि बगोदर के ऐसे नागरिक जो किसी कारणवश अपने घर को बंद कर बाहर रहनेवाले हैं, वे प्रस्थान से पूर्व अपने आवास की जानकारी लिखित रूप में संबंधित थाना को अवश्य दें। पुलिस द्वारा यह भी अपील की गयी है कि लोग अपने स्थानीय चौकीदार, पड़ोसी अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को भी इसकी सूचना दें, ताकि घर की समय - समय पर निगरानी की जा सके। पूर्व सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा संबंधित क्षेत्र में नियमित गश्ती एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पहल से चोरी, गृहभेदन एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। साथ ही आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से पुलिस और जनता के बीच सहयोग और विश्वास भी मजबूत होगा। जिसको लेकर सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी एवं अपनी संपत्ति की सुरक्षा हेतु इस व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते व्यापक करवाई किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




