नाबालिग जोड़े की शादी रुकवाई, मैरेज हॉल सील
खोरीमहुआ में प्रशासन ने एक नाबालिग जोड़े की शादी रोक दी। स्थानीय लड़का और लड़की भागकर शादी करने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने छापेमारी कर उन्हें बरामद किया। शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन लड़के की उम्र 19 वर्ष और लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम है। मैरेज हॉल को सील किया गया है।

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। खोरीमहुआ अनुमंडल अंतर्गत घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के डोरंडा हाट स्थित मानसी मैरेज हॉल में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग जोड़े की शादी रुकवा दी। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम अनिमेश रंजन के नेतृत्व में की गई छापेमारी में लड़का और लड़की को बरामद कर आगे की जांच के लिए घोड़थम्भा ओपी पुलिस को सौंप दिया गया। साथ ही मैरेज हॉल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, स्थानीय लड़का रांची में रहकर काम करता था, का पड़ोस गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों घर से भाग गए थे, लेकिन परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के दबाव में वापस लौट आए।
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई, लेकिन दहेज को लेकर सहमति नहीं बन सकी। बताया जाता है कि मंगलवार देर रात स्थानीय मुखिया, पूर्व मुखिया और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में लंबी बैठक हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसके बावजूद पूर्व मुखिया सुनील मोदी द्वारा अपने मानसी मैरेज हॉल में दोनों को बिना किसी वैध दस्तावेज के ठहराया गया और शादी की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच सूचना पर एसडीएम अनिमेश रंजन, घोड़थम्भा ओपी के एसआई सुनील कुमार त्रिपाठी और पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को अपने कब्जे में लिया। जांच के बाद दोनों को ओपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम है, जबकि लड़के की उम्र 19 वर्ष है। सूचना मिली थी कि दोनों की शादी कराई जाने वाली थी, जिसे समय रहते रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में संलिप्त सभी लोगों जिसमें पूर्व मुखिया सुनील मोदी और मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव शामिल हैं के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा बिना प्रशासनिक अनुमति और सत्यापन के लॉज/मैरेज हॉल में दोनों को रखने के आरोप में मानसी मैरेज हॉल को सील करने का आदेश दिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान बाल संरक्षण विभाग के कार्यकर्ता अमित कुमार, अनिल कुमार और विकास प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


