
पूर्व सीएम और बीडीओ ने बांटे पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र
तिसरी प्रखंड के बेलवाना पंचायत भवन में शनिवार को बीडीओ मनीष कुमार की अध्यक्षता में पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने 108 लाभुकों को प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने बताया कि सर्वजन पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को हर महीने 1000 रुपए मिलेंगे।
तिसरी, प्रतिनिधि। तिसरी प्रखंड के बेलवाना पंचायत भवन परिसर में शनिवार को बीडीओ मनीष कुमार की अगुवाई में पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण को लेकर शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित थे। इस दौरान शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के हाथों सामाजिक सुरक्षा कोषांग अंतर्गत सर्वजन पेंशन योजना के लिए पूर्व से चयनित 108 लाभुकों के बीच में पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। इस दौरान बारी-बारी से चयनित लाभुकों ने आकर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और बीडीओ मनीष कुमार के हाथों पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र स्वीकार किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना राज्य की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है। इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष व महिलाओं के साथ-साथ विधवाओं, दिव्यांगों, आदिम जनजाति के लोगों और एड्स से पीड़ित व्यक्तियों को हर महीने एक हजार रुपए मिलेंगे। यह राशि वित्तीय सहायता के रूप में हर महीने के 10 तारीख के अंदर सीधे लाभुकों के खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे लाभुकों को लाभ मिलेगा। तिसरी के बीडीओ मनीष कुमार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, जिला मंत्री मनोज यादव, बेलवाना पंचायत की मुखिया नजमा खातून, मुखिया प्रतिनिधि मो उमर फारूक, भाजपा के तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, मो इलियास अंसारी के अलावा भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




