धनवार नगर पंचायत के बूथों पर सुबह 7 बजे से लगने लगी कतार
धनवार नगर पंचायत चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें 65.22% मतदान हुआ। 3012 महिलाओं और 4160 पुरुषों ने वोट डाले। बड़की सरैया में 70.91% मतदान हुआ। मतदान के दौरान कुछ छोटी-मोटी घटनाएँ हुईं, लेकिन चुनाव शांतिपूर्ण रहा। परिणाम 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

राजधनवार, प्रतिनिधि। धनवार नगर पंचायत का चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। नगर क्षेत्र के 14 बूथों पर कुल 65.22% वोट डाले गए। यहां 3012 महिला एवं 4160 पुरूष वोटरों ने मतदान किया। धनवार नगर पंचायत चुनाव को लेकर सुबह 7 बजे से बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई। शाम 5 बजे तक मतदाता बूथों पर पहुंचे और उत्साह के साथ वोट दिए। इस दौरान दिन भर लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। बता दें धनवार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 14 और 11 वार्डों के 54 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में कैद हो गई। 27 फरवरी को फैसला आएगा।
इधर मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद दिखा। प्रखंड कार्यलय में कंट्रोल रूम बनाया गया था। खोरीमहुवा अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेश रंजन, भूमि उपसमाहर्ता सह अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी सुनील कुमार प्रजापति, बीडीओ सह वार्ड पार्षद के आरओ देंवन्द्र कुमार दास, सीओ सह आरओ यशवन्त कुमार सिन्हा, जमुआ सीओ नरेश कुमार वर्मा, नगर कार्यपालक पदाधिकारी हर्षवर्धन, कार्यपालक दंडाधिकारी अविनाश कुमार, तीसरी सीओ, जमुआ इंसपेक्टर प्रदीप दास, थाना प्रभारी सतेंद्र पाल परसन, घोरथम्बा ओपी प्रभारी के अलावा सभी बूथ पर सीसीटीवी व पुलिस बल की तैनाती की गई थी। लगातार पुलिस गश्ती दल विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे। मतदान कर्मियों ने भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। मतदान प्रतिशत में दोपहर बाद तेजी आई। सुबह धीमी शुरुआत के बाद दोपहर 12 बजे के बाद मतदाताओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ। वार्ड संख्या 3 और 10 में सबसे अधिक मतदाता मतदान दर्ज किया गया। जहां पूरे दिन रौनक बनी रही। बुजुर्ग मतदाता भी उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। कई दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। चुनाव में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। अब सभी प्रत्याशियों की नजर मतगणना पर टिकी है। नगर अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन काबिज होगा और किन वार्डों में नए चेहरे उभरेंगे। यह परिणाम घोषित होने के बाद ही साफ होगा। बड़की सरैया नगर पंचायत: छिटपुट घटनाओं को छोड़कर 70.91 प्रतिशत मतदान सरिया, प्रतिनिधि। बड़की सरैया नगर पंचायत चुनाव में औसतन 70.91 प्रतिशत मतदान हुआ। कहीं 72 परसेंट तो किसी बूथ पर 61 प्रतिशत मतदान हुए। क्षेत्र के पोडियटांड़ एवं कबाड़िया टोला के मतदान केंद्र पर 72 जबकि मध्य विद्यालय बालक में 62 एवं बलीडीह स्कूल में स्थापित तीन केंद्रों पर 68 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल मिलाकर मत का प्रतिशत 70.91 के आसपास रहा। मध्य विद्यालय सरिया में दो वार्ड सदस्य के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों एक ही जाति के थे। मामला गम्भीर होने से पहले स्थानीय लोगों एवं पुलिसकर्मियों के प्रयास से बात आगे नहीं बढ़ पाई। पहली बार हुए इस चुनाव में कुछ प्रत्याशियों ने रुपए पैसे के बल पर जीत हार के समीकरण को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। बैलेट पेपर में वार्ड एवं अध्यक्ष के लिए बनाए गए स्थानों पर कई महिलाओं द्वारा अंगूठा लगा देने तो कईयों के खाली छोड़कर निकलने की भी जानकारी मिली है जिससे बड़ी संख्या में मत रद्द हो सकते हैं। बहरहाल, चुनाव में किसका पलड़ा भारी होगा इसका हर चौक-चौराहे पर कयास लगाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


