होली-रमजान को लेकर घोड़थम्भा ओपी में शांति समिति की बैठक

Feb 27, 2026 12:58 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

खोरीमहुआ में होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन और पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। अफवाहों से बचने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

होली-रमजान को लेकर घोड़थम्भा ओपी में शांति समिति की बैठक

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को घोड़थम्भा ओपी परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने की। बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्धजनों ने भाग लेते हुए आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाने का संकल्प दोहराया। उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से अपने विचार रखे और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने कहा कि क्षेत्र की पहचान सद्भाव और सहयोग की भावना से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना को तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्ष 2025 में होली जुलूस के दौरान हुई हिंसक घटना की पुनरावृत्ति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिस मस्जिद गली में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी, उस मार्ग से इस बार जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस को ओपी परिसर तक लाकर वहीं से वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। जमुआ सर्किल इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास ने जानकारी दी कि पर्व के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रहेगी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करनेवालों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए जनसहयोग अनिवार्य है। बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक रामसरीख तिवारी, सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश साहा, संजय यादव, घोड़थम्भा भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा वर्मा, जिला परिषद सदस्य सिराज अंसारी, उप प्रमुख असगर अंसारी, मुखिया चंद्रशेखर यादव, महेश स्वर्णकार, लोकेश कुमार चौधरी, एमडी नवाब अली, रामनिवास पाण्डेय, इन्द्रदेव यादव, संतोष प्रसाद आर्य, अनवर अली, कारू पासवान, कुमार रंजीत, सुदामा राम, फिदा हुसैन, शाहनवाज, मो. मिन्हाज सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।