नगर पंचायत की अध्यक्ष ने नगर विकास मंत्री से की भेंट
बड़की सरिया की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा देवी ने गिरिडीह में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। उन्होंने नगर पंचायत की मूलभूत समस्याओं, जैसे स्वच्छता, कचरा उठाव, पेयजल, सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट्स के विकास पर चर्चा की। मंत्री ने समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई।

सरिया, प्रतिनिधि। बड़की सरिया नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा देवी ने सोमवार को गिरिडीह पहुंचकर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत और मूलभूत समस्याओं को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। खासकर नगर के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग तथा होल्डिंग टैक्स से संबंधित मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। मुलाकात के दौरान अध्यक्ष शोभा देवी ने बताया कि नगर पंचायत लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नियमित कचरा उठाव, पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था, जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किए जाने की जरूरत है।
नगर विकास मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार नगर पंचायत की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे ताकि जल्द से जल्द योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके। साथ ही उन्होंने विशेष पैकेज की मांग पर भी सकारात्मक विचार करने की बात कही। अध्यक्ष शोभा देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बड़की सरिया क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास करना है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद नगर पंचायत की समस्याओं का समाधान कितनी तेजी से होता है और प्रस्तावित विशेष पैकेज में किन-किन योजनाओं को शामिल किया जाता है। स्थानीय लोगों की नजरें अब आगामी कार्रवाई और धरातल पर दिखने वाले विकास कार्यों पर टिकी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


