New Year Picnic Spots in Bagodar Nature s Beauty Awaits बगोदर इलाके में प्रकृति ने बिखेरी है खूबसूरत छटा, Gridih Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsNew Year Picnic Spots in Bagodar Nature s Beauty Awaits

बगोदर इलाके में प्रकृति ने बिखेरी है खूबसूरत छटा

बगोदर क्षेत्र में नए साल के मौके पर पिकनिक मनाने की तैयारी जोरों पर है। यहां के प्रमुख पिकनिक स्पॉट जैसे खेडुआ नदी, खटैया पहाड़, बरमसिया झरना और खंभरा डैम में सैलानियों की भीड़ उमड़ती है। प्रकृति की...

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीहWed, 25 Dec 2024 05:27 PM
share Share
Follow Us on
बगोदर इलाके में प्रकृति ने बिखेरी है खूबसूरत छटा

बगोदर, प्रतिनिधि। अंग्रेजी महीने के नव वर्ष का लोगों का बेसब्री से इंतजार रहता है। नये साल की उल्टी गिनती भी शुरु हो गई है। नये साल के आगमन में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। उस दिन पिकनिक स्पॉट पर लोगों के द्वारा मौज- मस्ती की जाती है। बगोदर इलाके में पिकनिक स्पॉट की बात करें तब बगोदर प्रखंड के चारों कोने में पिकनिक स्पॉट है। जहां प्रकृति ने अपनी खूबसूरत वादियां बिखेरी है। उन स्पॉटों में लोगों की भीड़ उमड़ती है और पिकनिक के साथ नव वर्ष की मौज- मस्ती करते हैं। बगोदर इलाके की प्रमुख पिकनिक स्पॉटों में खेडुआ नदी, खटैया पहाड़, बरमसिया झरना, तपोवन लपसियाटांड़, हथिया पत्थर, जमुनिया नदी, खंभरा डैम, धरगुल्ली डैम आदि प्रमुख हैं। पिकनिक स्पॉट के रूप में चर्चित इन वादियों में प्रकृति ने अनुपम छटा बिखेरी है। इन वादियों में नव वर्ष पर सैलानियों का जमावड़ा लगता है और वे प्रकृति की खूबसूरत नजारा का लुत्फ उठाते हैं। इसमें खटैया पहाड़ और खंभरा डैम में मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध है। इन पिकनिक स्पॉटों में पिकनिक मनाने के लिए जानेवाले लोग सारी व्यवस्था अपने साथ लेकर जाते हैं। सैलानियों को सिर्फ कुदरत की वादियों का मजा मिलता है।

बरमसिया झरना: देवराडीह पंचायत अंतर्गत करंबा गांव के अंतिम छोर में स्थित है बरमसिया झरना। यहां भी पिकनिक मनाने के लिए लोगों की भीड़ नव वर्ष पर जुटती है। यहां एक छोटा सा झरना है। जिसमें सालोंभर पानी गिरता रहता है। इसकी विशेषता यह है कि ठंड के दिनों में गर्म और गर्मी के दिनों में ठंड पानी झरना से गिरता है। बगल होकर एक छोटी नदी भी गुजरी है और आसपास जंगल की हरियाली है।

खटैया पहाड़ : प्रखंड के खटैया गांव में स्थित है एक पहाड़। इसे खटैया पहाड़ के नाम से जाना जाता है। हालांकि अब इसे प्राकृतिक धाम हनुमानगढ़ी के नाम से जाना जाता है। यहां भी नव वर्ष के मौके पर सैलानियों की भीड़ उमड़ती है। यह स्थल धार्मिक के साथ रमणिक भी है। पहाड़ के नीचे पानी से लबालब भरे तालाब में दिखने वाला पहाड़ का प्रतिबिंब मनमोहक होता है।

यहां खुद से हनुमान जी की प्रतिमा प्रकट होने की बात कही जाती है। इसके अलावा एक कुआं है जिसका पानी दुधिया रंग का होता है। मनोरंजन के साधन भी यहां उपलब्ध हैं।

खेडुआ नदी : बगोदर- अड़वारा मेन रोड से गुजरे खेडुआ नदी पिकनिक स्पॉट के रूप में चर्चित है। नदी में निकले चट्टानों में बैठकर सैलानियों के द्वारा पिकनिक मनाया जाता है। नदी के चारों ओर जंगल और हरियाली है। पानी की बहती कल-कल धार लोगों को आकर्षित करता है।

लपसियाटांड़/तपोवन : बगोदर प्रखंड से सिरंय गांव जाने वाले रोड से थोड़ी दूरी में बीच जंगल में स्थित है लपसियाटांड़। इस जगह को अब तपोवन के नाम से भी जाना जाता है। इसके बगल होकर जमुनिया नदी गुजरी है। लपसियाटांड़ में भगवान भोले सहित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी हैं। यहां भी पिकनिक मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों की भीड़ उमड़ती है।

खंभरा डैम्र: बगोदर के खंभरा में स्थित है खंभरा डैम। जंगल से घिरा होने के कारण यहां का नजारा अद्भुत दिखाई देता है। ऐसे में नववर्ष के मौके पर सैलानियों की यहां भीड़ उमड़ती है। इस जगह को विकसित करने का कार्य इन दिनों चल रहा है। इसके अलावा जगह- जगह जमुनिया नदी में भी पिकनिक मनाने के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।