Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsNegligence of Quack Doctor Leads to Death of 30-Year-Old in Giridih Protests Erupt
डॉक्टर की लापरवाही से युवक की मौत, सड़क जाम

डॉक्टर की लापरवाही से युवक की मौत, सड़क जाम

संक्षेप:

गावां थाना क्षेत्र के माल्डा तिवारी टोला में शुक्रवार को झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 30 वर्षीय भैरव तिवारी की मौत हो गई। परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की। आरोपी डॉक्टर ने चार लाख...

Fri, 12 Sep 2025 04:21 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

गावां (गिरिडीह)। गावां थाना क्षेत्र के माल्डा तिवारी टोला में शुक्रवार को झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के कारण 30 वर्षीय भैरव तिवारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण माल्डा-पिहरा पथ पर उतर आए और सड़क जाम कर जोरदार हंगामा किया। सड़क छह घंटे तक जाम रही। जानकारी के अनुसार, भैरव को शुक्रवार सुबह सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उसे पांडेडीह मोड़ स्थित झोलाछाप डॉक्टर हरि दास के पास लेकर गए। डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, लेकिन कुछ ही मिनटों में भैरव की हालत बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद डॉक्टर ने परिजनों को बताया कि मरीज सिरियस है इसे ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ेगी और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां भेज दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर गावां पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम हटवाने का प्रयास किया, लेकिन वह विफल रहा। इसके बाद अंचलाधिकारी अविनाश रंजन भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, लोग मुआवजा मिलने तक सड़क जाम नहीं हटाने की मांग पर डटे रहे। आखिरकार, आरोपी डॉक्टर ने पुलिस में कंप्लेन न करने की शर्त पर परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने की गारंटी दी। पैसे दिलवाने की जिम्मेदारी पूर्व मुखिया दिनेश पांडेय ने संभाली। इसके बाद लगभग दोपहर तीन बजे सड़क जाम हटा लिया गया। लाश को बगैर पोस्टमार्टम करवाए ही परिजन घर ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि नंदकिशोर सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य अजीत तिवारी, पिंटू कुमार, माले प्रखंड सचिव सकलदेव यादव, जिप सदस्य पवन चौधरी, इमरान अंसारी, मुन्ना सिंह आदि मौजूद थे।