कोनार नहर मरम्मत कार्य में लापरवाही के खिलाफ डीसी को पत्र
बगोदर डिवीजन में कोनार नहर मरम्मत कार्य में ठेकेदार की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य में दरारें पड़ने लगी हैं। महताब हुसैन ने डीसी को पत्र भेजकर जांच की मांग की है। करोड़ों की लागत से चल रहे इस कार्य में अनियमितताओं को लेकर ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को दोषी ठहराया गया है।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर डिवीजन में चल रहे कोनार नहर मरम्मत कार्य में ठेकेदार के द्वारा लापरवाही की जा रही है। प्राक्कलन के तहत निर्माण कार्य नहीं किए जाने से गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। चूंकि एक तरफ निर्माण कार्य चल रहा है तो दूसरी तरफ किए गए निर्माण कार्य में दरारें पड़ने लगी है। ऐसे में निर्माण कार्य के मजबूती पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि गैड़ा पंचायत अंतर्गत बेलवा नदी के निकट निर्माण कार्य में अभी से ही दरारें पड़ने लगी है। जिसकी लीपापोती संवेदक के द्वारा की गई है। करोड़ों की लागत से चल रहे नहर निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला हजारीबाग डीसी तक पहुंच गया है।
गैड़ा के पंचायत समिति सदस्य महताब हुसैन के द्वारा इसे लेकर डीसी को पत्र भेजकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि सीएम, जल संसाधन मंत्री, कोनार नहर के सहायक अभियंता आदि को भी भेजी गई है। निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही के कारण पड़ी दरार से अधिकारियों को अवगत कराया गया है। इस अनियमितता के लिए ठेकेदार के साथ विभागीय अधिकारियों को भी दोषी ठहराया गया है। पंचायत समिति सदस्य ने कहा है कि घटिया निर्माण कार्य किए जाने के कारण दरारें पड़ने लगी है। ठेकेदार के द्वारा दरारों की लीपापोती कर दी गई है, जो जांच का विषय है। उन्होंने कहा है कि घटिया निर्माण कार्य से भविष्य में जल आपूर्ति प्रभावित होने एवं कृषि क्षेत्र में गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


