अटका में लटके सिक्स लेन निर्माण का मामला एक बार फिर जोर पकड़ा
बगोदर के अटका में नेशनल हाईवे सिक्स लेन निर्माण का मामला फिर से गर्माया है। भू-रैयतों ने उचित मुआवजा और ब्याज के साथ जमीन अधिग्रहण की मांग की है। जेएमएम नेता शत्रुध्न प्रसाद मंडल के नेतृत्व में भू-रैयतों ने मंत्री से मुलाकात कर आवेदन दिया है। निर्माण कार्य लटका हुआ है और प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं हुई है।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर थाना क्षेत्र के अटका में लटके नेशनल हाईवे सिक्स लेन निर्माण का मामला एक भी फिर जोर पकड़ने लगा है। भू- रैयतों ने उचित मुआवजा और ब्याज के साथ जमीन अधिग्रहण किए जाने पर एक बार फिर से हामी भरी है। भू- रैयतों ने जेएमएम नेता शत्रुध्न प्रसाद मंडल के नेतृत्व में सोमवार को मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर उन्हें एक आवेदन सौंपा है। इसके माध्यम से भू- रैयतों ने नेशनल हाईवे सिक्स लेन निर्माण के लिए आवासीय दर पर जमीन अधिग्रहण किए जाने की मांग की है। कहा गया है कि सिक्स लेन रोड निर्माण के लिए आवासीय भूमि को कृषि भूमि बताकर जमीन अधिग्रहण करने एवं मुआवजा राशि तय किए जाने का विरोध भू-रैयतों के द्वारा किया जाता रहा है और इसके कारण निर्माण कार्य लटका हुआ है।
कहा गया है कि सिक्स लेन रोड निर्माण के लिए 2013 में अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें आवासीय भूमि को कृषि भूमि बताकर मुआवजा निर्धारित की गई थी। भू- रैयतों के विरोध के बावजूद अब तक इस दिशा में किसी तरह की कोई पहल नहीं की गई है। ऐसे में 1129 भू- रैयतों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। वे न तो जमीन पर निर्माण कार्य करा पा रहे हैं और न ही खरीद - बिक्री कर पा रहे हैं। भू- रैयतों ने उचित मुआवजा के साथ जमीन अधिग्रहण करने और रोड निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग मंत्री से की है। बता दें कि इस मामले को लेकर प्रशासन के द्वारा कई बार भू- रैयतों के साथ बैठक भी की गई। एक तरफ भू- रैयत अपनी मांगों को दोहराते रहे हैं वहीं सरकारी स्तर पर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अटका में नेशनल हाईवे सिक्स लेन का निर्माण कार्य लटका हुआ है। झामुमो नेता सह भू-रैयत शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने कहा है कि आवासीय दर पर ब्याज सहित सरकार मुआवजा का भुगतान कर, यहां के भू- रैयतों की यही मांग है। भू- रैयत भी चाहते हैं कि नेशनल हाईवे सिक्स लेन का निर्माण हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


