
सोनतुरपी जंगल में मिला ड्राइवर का शव, छड़ लदा टेलर बरामद
बगोदर थाना क्षेत्र के सोनतुरपी जंगल में एक युवक धीरज कुमार यादव का शव मिला है। वह बिहार के खगड़िया का निवासी था और बनारस जा रहा था। पुलिस का मानना है कि अज्ञात अपराधियों ने लूट के इरादे से उसकी हत्या की और शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस जांच कर रही है।
बगोदर, प्रतिनिधि। दिल्ली से कोलकाता को जोड़ने वाली नेशनल हाइवे के किनारे बगोदर थाना क्षेत्र के सोनतुरपी जंगल से एक युवक का शव पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया है। शव की पहचान बिहार अंतर्गत खगड़िया जिला के अलौली थाना क्षेत्र के लदौड़ा निवासी धीरज कुमार यादव के रूप में की गई है। वह टेलर का ड्राइवर था तथा पश्चिम बंगाल के रानीगंज से छड़ लेकर बनारस की ओर जा रहा था। इस बीच उसका शव बगोदर में मिला है जबकि लावारिस स्थिति में गाड़ी दुमका के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से बरामद हुआ है। गाड़ी में छड़ भी लदा हुआ था।
संभावना जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने लूट की नियत से ड्राइवर की हत्या कर गाड़ी लेकर फरार हो गया और शव को ठिकाना लगाने के उद्देश्य से सोनतुरपी जंगल में फेंक दिया। बताया जाता है कि सोमवार को पूरे दिन लावारिस स्थिति में सरैयाहाट थाना क्षेत्र में छड़ लदा टेलर खड़ा था। इस बीच ड्राइवर का शव मिलने के बाद छड़ लदे टेलर को वहां की पुलिस ने जब्त कर लिया है। इधर सोनतुरपी जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद एसडीपीओ धनंजय कुमार राम एवं थाना प्रभारी विनय कुमार यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे एवं शव को जब्त कर लिया। पहले तो अज्ञात व्यक्ति के रूप में शव की पहचान हुई थी और फिर पुलिसिया छानबीन में शव की पहचान टेलर ड्राइवर के रूप में की गई। पुलिस अब अपराधियों की धर- पकड़ के लिए अनुसंधान कर रही है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द ही अपराधी पुलिस गिरफ्त में होगा। इधर, शव का पोस्टमार्टम गिरिडीह में कराया गया। शव को लेने के लिए परिजन बगोदर के लिए निकल चुके थे। इस संबंध में थाना प्रभारी यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि लूट की नियत से ड्राइवर की हत्या कर शव को ठिकाना लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया गया होगा। जिस टेलर का वह ड्राइवर था उस गाड़ी को सरैयाहाट थाना क्षेत्र से पुलिस ने लावारिस स्थिति में बरामद कर लिया है। गाड़ी में छड़ लदा हुआ है। अपराधियों की पहचान व धर- पकड़ के लिए पुलिस के द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलकाता-दिल्ली नेशनल हाइवे से लगभग 40 मीटर की दूरी में सोनतुरपी जंगल में शव पड़ा हुआ था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




