दामोदर यादव हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह में दामोदर यादव हत्याकांड में पुलिस ने मो शेरू को गिरफ्तार किया है। दामोदर की हत्या 20 दिसंबर को चाकू मारकर की गई थी। गिरफ्तारी के बाद मो शेरू को अदालत में पेश किया गया और उसे न्यायिक हिरासत...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिलगा गांव निवासी दामोदर यादव हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधौड़ा निवासी मो शेरू है। गिरफ्तारी के बाद मो शेरू को पुलिस ने अदालत में प्रस्तुत किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा गिरिडीह भेज दिया गया। बता दें कि 20 दिसंबर को दामोदर यादव की हत्या चाकू मारकर कर दी गई थी। दामोदर की हत्या के बाद जमकर बवाल हुआ था। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना को घंटों घेरे रखा था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटे बाद ही सात नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था जो फिलवक्त न्यायिक हिरासत में गिरिडीह केंद्रीय कारा में बंद है। इस मामले में दामोदर के भाई मनोज यादव की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में सात को नामजद एवं 4-5 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया था। प्राथमिकी में सभी आरोपियों पर दामोदर यादव को जान मारने की नियत से घेरकर लाठी डंडा से मारपीट करने और दामोदर के पेट में चाकू से तीन बार वार कर दामोदर को गम्भीर रुप से जख्मी कर देने तथा जिससे उसकी मौत होने की बात कही गई थी। हमले के दौरान हल्ला सुनकर जब मनोज की बेटी नैना कुमारी एवं भाभी जितनी देवी बीच बचाव के लिए आयी तो उन दोनों के साथ भी लात घूसे से मारपीट की गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।