Gridih News: राग-द्वेष, मोह और आसक्ति से मुक्ति पर ही शाश्वत सुख: मुनि प्रमाण सागर जी
Gridih News: गुणायतन में मुनि प्रमाणसागर महाराज ने कहा कि शाश्वत सुख के लिए राग-द्वेष, मोह और आसक्ति से मुक्त होना जरूरी है। उन्होंने गलत आदतों और अनावश्यक आग्रहों को छोड़ने, धर्म को विचारों और व्यवहार में उतारने तथा अहंकार पर विजय के लिए आत्मज्ञान अपनाने की बात कही। धर्म का उद्देश्य संतोष, प्रसन्नता और मानसिक शांति विकसित करना है।

Gridih News:
पीरटांड़, प्रतिनिधि। मनुष्य जीवनभर सुख की तलाश करता है, लेकिन कई बार जिन विषयों, इच्छाओं और मान्यताओं को वह सुख का आधार मानकर उससे चिपका रहता है, वही उसके वास्तविक सुख की राह में बाधा बन जाते हैं। जब तक मनुष्य राग-द्वेष, मोह और आसक्ति से मुक्त नहीं होता, तब तक शाश्वत सुख का अनुभव करना कठिन है। वास्तविक सुख प्राप्त करने के लिए बाहरी परिस्थितियों से अधिक अपने भीतर की गांठों को खोलना जरूरी है। उक्त बातें गुणायतन में साधनारत राष्ट्रसंत मुनि प्रमाणसागर महाराज ने कही।सम्मेद शिखरजी मधुबन स्थित गुणायतन में आयोजित शंका समाधान कार्यक्रम के दौरान मुनि प्रमाण सागर जी महाराज ने आत्मकल्याण, तत्त्वज्ञान, कर्मबंधन, लक्ष्य निर्धारण, अहंकार, प्रेरणा और भावों की स्थिरता सहित विभिन्न विषयों पर श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य पुरानी मान्यताओं, आग्रहों और आसक्तियों को पकड़े रहता है। वह सुख के नए रास्ते तलाशता है। वास्तविक परिवर्तन के लिए अपनी गलत आदतों और अनावश्यक आग्रहों को पहचानकर धीरे-धीरे उनका त्याग करना आवश्यक है। धार्मिक जीवन में आपसी सामंजस्य और सद्भाव के प्रश्न पर महाराज ने कहा कि धर्म धर्मात्माओं से पलता है। धार्मिक व्यक्ति वह है, जो धर्म की क्रियाएं करता है, जबकि धर्मात्मा वह है, जो धर्म को अपनी आत्मा में धारण करता है। व्यक्ति पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान तो करता है, लेकिन उसके विचारों और व्यवहार में ईर्ष्या, द्वेष तथा वैमनस्य बना रहता है, तो धर्म का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि धर्म की सार्थकता तभी है, जब उसका प्रभाव व्यक्ति के विचारों, वाणी और व्यवहार में दिखाई दे। दूसरों के प्रति सद्भाव, सहयोग, विनम्रता और संवेदनशीलता का भाव विकसित करना सच्ची धार्मिकता की पहचान है।
धर्म, ज्ञान और अहंकार पर विचार
ज्ञान और अहंकार के संबंध में महाराज ने कहा कि केवल ज्ञानी बन जाने से अहंकार समाप्त नहीं हो जाता। अज्ञानी व्यक्ति भी अहंकार कर सकता है और ज्ञानी व्यक्ति भी अपने ज्ञान का अभिमान पाल सकता है। अहंकार पर विजय पाने के लिए आत्मज्ञान आवश्यक है। व्यक्ति को यह समझना होगा कि उसका वास्तविक स्वरूप क्या है, वह किन बातों को लेकर अभिमान करता है और उसके जीवन का मूल उद्देश्य क्या हैं। ज्ञान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उससे व्यक्ति में विनम्रता, आत्मचिंतन और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव विकसित हो। उन्होंने कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल धन-संपत्ति प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन में संतोष, प्रसन्नता और मानसिक शांति विकसित करना है। संपन्नता और संतुष्टि दो अलग-अलग बातें हैं। धन होने के बावजूद व्यक्ति अशांत रह सकता है, जबकि धर्म उसे विपरीत परिस्थितियों में भी संतुलित रहने की प्रेरणा देता है।

