3.40 करोड़ से तैयार मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल से ग्रामीणों को लाभ नहीं

Apr 17, 2026 02:39 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

डुमरी में 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बने मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन करीब पांच महीनों से नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर शहरों में जाना पड़ रहा है। अस्पताल चालू होने पर चार लाख लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की 24 घंटे सेवा रहेगी।

3.40 करोड़ से तैयार मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल से ग्रामीणों को लाभ नहीं

डुमरी। क्षेत्र वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से डुमरी रेफरल अस्पताल परिसर में निर्मित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल उद्घाटन के इंतजार में लगभग पांच महीनों से धूल फांक रहा है। भवन निर्माण निगम, रांची द्वारा लगभग 6 हजार वर्गफुट क्षेत्र में आधुनिक फेब्रिकेटेड मॉडल के तहत तैयार 50 बेड वाला यह अस्पताल संसाधनों से लैस होने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सका है। अस्पताल के शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।

इधर, आमजन में इसे लेकर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से उच्चाधिकारियों व सरकार से पत्राचार कर जल्द चालू करने का आग्रह किया है। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द अस्पताल को चालू कर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को राहत मिल सके।चार लाख आबादी को मिलेगा लाभअस्पताल के शुरू हो जाने पर डुमरी के साथ पीरटांड़, बगोदर, तोपचांची और नावाडीह प्रखंड की करीब चार लाख की आबादी को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अस्पताल पूरी तरह वातानुकूलित और आधुनिक तकनीक के अनुसार चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित होगा।बताया जाता है कि अस्पताल में 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता रहेगी। आपातकालीन सर्जरी सुविधा के लिए उन्नत ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। यहां विशेषज्ञ सर्जन, ऑर्थोपेडिशियन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और जनरल ड्यूटी डॉक्टर तैनात रहेंगे। साथ ही आईसीयू, सीसीयू और जनरल वार्ड की व्यवस्था की गई है। ऑर्थोपेडिक रोग, बाल रोग, नियोनेटोलॉजी, जनरल व लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सहित कई विभाग संचालित होंगे।क्या है मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालमल्टी स्पेशलिटी अस्पताल सामान्य अस्पताल होते हैं, जो कई तरह की बीमारियों का इलाज करते हैं। जिनमें चिकित्सा की विभिन्न शाखाओं जैसे गायनेकोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोलॉजी, कॉर्डियोलॉजी, प्रजनन, यूरोलॉजी सहित अन्य चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं।उच्च अधिकारियों से जल्द शुरू करने की मांगडुमरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश महतो ने बताया कि मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब मरीजों को रांची, बोकारो और अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कहा कि वे उच्च अधिकारियों से इस वित्तीय वर्ष में ही अस्पताल को चालू कराने का आग्रह करेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।