लोन के तगादा से आजीज मां-बेटी ने की आत्महत्या
गिरिडीह मुफस्सिल थाना के गादी श्रीरामपुर की घटना एवं उनकी पुत्री 16 वर्षीया स्नेहा कुमारी है। दोनों ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाई है। सोमवार क

गिरिडीह, प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर में लोन के ईएमआई भुगतान के दबाव में मां-बेटी द्वारा फांसी लगाकार आत्महत्या कर लिए जाने की लोमहर्षक घटना घटी है। मृतका मां 40 वर्षीया पुतुल देवी एवं उनकी पुत्री 16 वर्षीया स्नेहा कुमारी है। दोनों ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाई है। सोमवार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना गिरिडीह मुफस्सिल पुलिस को दी। इसके बाद एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल की। घटनास्थल का मुआयना भी किया तथा परिजनों से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया।
तफ्तीश में यह बात सामने आयी है कि दोनों मां बेटी लोन की वजह से तनाव में थी और कर्ज की वजह से ही दोनों ने आत्महत्या की है। पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों मां-बेटी के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। लोन चुकाने के कारण परेशान रहती थी पत्नी मृतका पुतुल देवी के पति सोनू राम ने बताया कि बाद में पता चला है कि उसकी पत्नी ने महिला समूह से पांच लाख रुपए का लोन लिया था। लोन लेने की जानकारी उन्हें तथा घर के अन्य लोगों को भी नहीं थी। इस बीच फाइनेंस कंपनी के द्वारा ईएमआई भुगतान के लिए दबाव दिया जाने लगा तो उसकी पत्नी काफी परेशान रहने लगी। पूछने पर भी अपने परेशानी की वजह नहीं बता रही थी। सोनू ने बताया कि अभी पूरी स्थिति को वह समझ ही रहा था कि इस बीच सोमवार की सुबह उसकी पत्नी व बेटी दोनों ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की जानकारी उसे तब लगी जब सुबह में देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सोनू का कहना है कि उसकी पत्नी और पुत्री ने लोन के ईएमआई के दबाव में ही आत्महत्या की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




