मारपीट करनेवालों के बीच पहुंचा लंगूर, लगाया थप्पड़
बेंगाबाद में एक लंगूर ने दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट को रोका। किशोरों के बीच विवाद के दौरान लंगूर ने दोनों को थप्पड़ मारकर भगा दिया। इस घटना को देखकर लोग हैरान रह गए। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों...

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। बेंगाबाद चौक पर दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट के दौरान एक लंगूर ने इंसानियत का परिचय दिया और दोनों के बीच चल रहे विवाद को दो मिनट के भीतर सलट दिया। लंगूर की इस करामात को देखकर चौक पर लोग हैरान रह गए। उक्त बातें यहां चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जमात से भटककर कुछ लंगूर बेंगाबाद में चहलकदमी कर रहा था। लंगूर की चहलकदमी को किशोरों की टोली चौक पर देख रहा था। इस बीच किसी बात को लेकर किशोर दो पक्ष में बंट गए और शनिवार शाम दोनों पक्ष आपस में मारपीट करने लगे। मारपीट की इस घटना में एक किशोर का दांत भी टूट गया। दांत टूटने पर माहौल गर्म हो गया। गुस्से में आकर भुक्तभोगी ने दांत तोड़ने वाले को जमीन पर पटक दिया। इतने में वहां एक लंगूर फांदते हुए पहुंच गया और दोनों पक्षों का बाल पकड़ पकड़ कर दो थप्पड़ जड़ दिया। इससे भयभीत होकर मारपीट कर रहे लोग फरार हो गए। भाग रहे लोगों को लंगूर ने कुछ दूर तक पीछा किया। लंगूर को पीछा करते देख मारपीट करने वाले जान बचाकर भाग गये। हालांकि यह मामला थाना तक पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच आपसी मध्यस्थता करा दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।