Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsMinor Girl s Attempted Assault and Rape in Vehicle Sparks Outrage in Khorimahua
सवारी गाड़ी में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

सवारी गाड़ी में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

संक्षेप: खोरीमहुआ में एक नाबालिग छात्रा के साथ सवारी गाड़ी में छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद स्थानीय लोग दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Wed, 5 Nov 2025 01:59 AMNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। गावां जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ एक सवारी गाड़ी में छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़िता के भाई ने घोड़थम्भा ओपी में लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि पीड़िता रविवार की दोपहर बाद करीब 4 बजे गिरिडीह से सवारी गाड़ी (संख्या JH 02 BH 2685) से अपनी फुआ के घर गावां जा रही थी। प्रारंभ में गाड़ी में कई यात्री सवार थे, लेकिन मंडरो तक पहुंचने के बाद सभी यात्री उतर गए और वाहन में केवल छात्रा के अलावा चालक और उपचालक ही रह गए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

आरोप है कि जब गाड़ी महादेवथान के पास पहुंची, तो चालक ने तय मार्ग से हटकर वाहन को सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो उसे जातिसूचक शब्दों से गाली दी गई और गाड़ी रोकने की मांग के बावजूद उसे नहीं रोका गया। इसके बाद चालक व उपचालक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ करना शुरू किया। आरोप है कि दुष्कर्म का भी प्रयास किया गया। छात्रा ने शोर मचाकर विरोध किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर भरौना के पास कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की सक्रियता देखते हुए आरोपी चालक और उपचालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही घोड़थम्भा ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन सहित पीड़िता को अपने कब्जे में ले लिया। ओपी प्रभारी धर्मेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता के भाई द्वारा मंगलवार को आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।