
दो अवैध गोदामों में छापामारी, लाखों का अवैध माइका जब्त
तिसरी के अंचल अधिकारी अखिलेश प्रसाद ने बलियारी में दो अवैध माइका गोदामों पर छापेमारी की। लाखों रुपए की बेशकीमती माइका जब्त की गई। खोरीमहुआ एसडीएम अनिमेष रंजन के निर्देश पर कार्रवाई की गई। दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है। अधिकारी की कार्रवाई से अवैध माइका कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
तिसरी, प्रतिनिधि। तिसरी के अंचल अधिकारी अखिलेश प्रसाद ने गुरुवार को तिसरी के बलियारी में छापेमारी कर दो अवैध माइका गोदामों के खिलाफ फिर एक बार कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की कीमत के भारी मात्रा में अवैध माइका जब्त किया है। छापेमारी टीम में तिसरी थाना के एसआई लव कुमार, प्रभारी सीआई रितेश कुमार आदि शामिल थे। यह कार्रवाई खोरीमहुआ एसडीएम अनिमेष रंजन के आदेश के आलोक में की गई है। बताया गया कि खोरीमहुआ एसडीएम अनिमेष रंजन को फिर से माफियाओं द्वारा अवैध माइका का कारोबार करने तथा तिसरी के बलियारी गांव में स्थित दो गोदामों में तस्करी के लिए भारी मात्रा में अवैध माइका का भंडारण करने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर ही एसडीएम अनिमेष रंजन ने तिसरी सीओ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जिसके आलोक में तिसरी सीओ अखिलेश प्रसाद बलियारी गांव पहुंच गए। जहां पर उन्होंने बलियारी मोड़ स्थित दो गोदामों के दरवाजे को खोलकर गोदाम के अंदर छापेमारी की। सीओ द्वारा की गई छापेमारी के दौरान एक गोदाम में भारी मात्रा में बेशकीमती माइका पाया गया। वहीं दूसरे गोदाम में भी भारी मात्रा में अवैध माइका और बेशकीमती ब्लॉक माइका जब्त किया गया है। लगभग डेढ़ से दो घंटे तक छापेमारी की गई। अवैध माइका की जब्ती के बाद दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है। इधर, अधिकारियों की इस कार्रवाई से तिसरी के अवैध माइका कारोबारियों में हड़कंप है। इसके पहले भी खोरीमहुआ एसडीएम और सीओ द्वारा अवैध माइका कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। किंतु अधिकारियों की कार्रवाई करने के कुछ ही दिनों के बाद तिसरी के कई माइका माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं और अवैध माइका तस्करी करने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार तिसरी के तथाकथित माइका माफिया तिसरी के विभिन्न क्षेत्र से गाड़ियों में माइका लोड करके गावां, घंघरीकुरा और मंडरो के रास्ते से कोडरमा जिला के मसनोडीह ले जाकर तस्करी करते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




