बगोदर में पुलिया पर लटकी डीजे लदी पिकअप वैन, बाल-बाल बचे लोग

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
Follow us on Google News
share

बगोदर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक डीजे और जेनरेटर लदी पिकअप वैन पुलिया पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक और सवार लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिया की मरम्मत की मांग की है। पूर्व विधायक ने डीजे संचालकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

 बगोदर में पुलिया पर लटकी डीजे लदी पिकअप वैन, बाल-बाल बचे लोग

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर थाना क्षेत्र की मुंडरो पंचायत अंतर्गत मुंडरो-पैसरा मेन रोड पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डीजे और जेनरेटर लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पुलिया पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि वैन का ड्राइवर और उस पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वैन जब मुंडरो-पैसरा रोड पर स्थित नाले की पुलिया से गुजर रही थी, तभी वैन का पिछला चक्का पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से से बाहर चला गया। इससे वैन असंतुलित होकर पुल पर ही लटक गई। संयोग अच्छा रहा कि वैन पुल के नीचे नाले में गिरने से बच गई。

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। पहले वैन से डीजे को उतारा गया। इसके बाद रस्सी और ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वैन को पुलिया से हटाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुंडरो- पैसरा के बीच नाले पर बनी इस पुलिया की रेलिंग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इसी कारण वाहन चालकों को पुलिया का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे हो रहे हैं। एक साल पूर्व भी इसी पुलिया के पास डीजे लदा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया की रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

पूर्व विधायक की अपील

डीजे वाहनों के बाहर निकले बॉक्स बन रहे हादसे की वजह: विनोद सिंह

शादी-विवाह का सीजन चल रहा है और इसी के साथ सड़क हादसों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। इस पर चिंता जताते हुए बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने डीजे संचालकों और आम लोगों से विशेष अपील की है। पूर्व विधायक ने कहा कि शादियों में डीजे का प्रचलन जोरों पर है। तेज साउंड की समस्या तो पहले से थी ही, लेकिन अब एक नई समस्या सामने आ रही है। आजकल डीजे वाहन में उसकी साइज से दोनों साइड दो-तीन फीट ज्यादा बाहर निकालकर साउंड बॉक्स लगाने का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा है कि रात के समय सामने से आ रहे वाहन चालक को डीजे वाहन की असल चौड़ाई का अंदाजा नहीं लग पाता। बाहर निकले बॉक्स से टकराकर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। बुधवार को सोशल मीडिया में एक पोस्ट में उन्होंने कहा है कि जब ऐसी गाड़ियां संकरी ग्रामीण सड़कों से गुजरती है तो दूसरी तरफ से कोई वाहन क्रॉस नहीं कर पाता। इससे आए दिन जाम लगता है और कई जगह विवाद की स्थिति भी बन जाती है। पूर्व विधायक ने सभी डीजे संचालकों से अनुरोध किया है कि वे साउंड बॉक्स को वाहन की निर्धारित चौड़ाई के अंदर ही लगाएं। बॉक्स को बाहर निकालकर न तो यातायात नियमों का उल्लंघन करें और न ही दूसरों की जान जोखिम में डालें। उन्होंने बाइक चालकों से भी अपील की है कि शादी-विवाह के सीजन में रतजगा और थकान के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, ताकि दुर्घटना की स्थिति में जान बच सके।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बगोदर में किस प्रकार का हादसा हुआ?
बगोदर में एक डीजे और जेनरेटर लदी पिकअप वैन पुलिया पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।