मामा-भांजा के बीच मारपीट, दंपती समेत तीन घायल
बेंगाबाद के पहाड़पुर गांव में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों के बीच बुधवार सुबह हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में विकास वर्मा, उनकी पत्नी आरती देवी और रामचरित्र महतो घायल हुए। विकास ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेंगाबाद, प्रतिनिधि। गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव में जमीन विवाद में बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हुए हैं। इसमें एक पक्ष से विकास वर्मा व उनकी पत्नी आरती देवी और दूसरे पक्ष के रामचरित्र महतो शामिल हैं। घायल दंपति को इलाज के लिए बेंगाबाद के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के रामचरित्र महतो का ग्रामीण चिकित्सक से इलाज कराया गया। इस सिलसिले में भुक्तभोगी विकास वर्मा ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर पुलिस को इस घटना की सूचना दी है जबकि दूसरे पक्ष द्वारा थाना में आवेदन नहीं दिया गया है।

भुक्तभोगी द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि रामचरित्र महतो रिश्ते में विकास वर्मा का मामा लगते हैं। मामा द्वारा दान में दी गई जमीन पर मकान बनाकर वर्षों से भांजा पहाड़पुर में रह रहा है। सुबह वहां विकास वर्मा बॉउंड्री वाल दे रहा था। इस पर मामा द्वारा आपत्ति जताई गई और गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि गाली-गलौज देने से मना करने पर मामा ने कुल्हाड़ी से भांजा के सिर पर वार कर दिया। बीच बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई और आरोप है कि चांदी की सिकड़ी गले से ले लिया। थाना में दिए गए आवेदन में रामचरित्र महतो व उनकी पत्नी अंजनी देवी, मनोज वर्मा, सुखदेव वर्मा, सुशीला देवी, फूलो कुमारी और छोटकी खरगडीहा पंचायत विझैया गांव के पिंटु वर्मा पर लाठी डंडा, रड व कुल्हाड़ी से मारपीट करने व जान मारने की नियत से सिर पर वार करने का आरोप लगाते हुए उक्त सभी लोगों का आवेदन नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




