निबंधन रोकने की उप निबंधक से मांग
खोरीमहुआ में मौजा मारुडीह की 26.89 एकड़ भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। द्वारिका प्रसाद यादव ने उप निबंधक से अनुरोध किया है कि भूमि का निबंधन वाद के निष्पादन तक रोका जाए। उनका कहना है कि यह भूमि उनके पूर्वजों की है और कुछ लोग जाली दस्तावेजों के आधार पर अवैध दावा कर रहे हैं।
खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। धनवार थाना क्षेत्र के मौजा मारुडीह स्थित खाता संख्या 49 की लगभग 26.89 एकड़ भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस संबंध में भूमि स्वामी का दावा करने वाले द्वारिका प्रसाद यादव ने उप निबंधक, गिरिडीह को आवेदन देकर उक्त खाता की जमीन का निबंधन वाद के निष्पादन तक रोकने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि खाता संख्या 49 के अंतर्गत कुल 44 प्लॉट की भूमि को लेकर सब जज, गिरिडीह के न्यायालय में स्वत्व वाद संख्या 173/2025 लंबित है। इसके अलावा सिविल जज (एस.डी.)-I, गिरिडीह की अदालत में ओरिजिनल टाइटल सूट संख्या 731/2025 भी विचाराधीन है।
वादी द्वारिका प्रसाद यादव का कहना है कि उक्त भूमि उनके पूर्वजों की है तथा पारिवारिक बंटवारे के उपरांत वह सूट भूमि के एकमात्र स्वामी एवं शांतिपूर्ण कब्जाधारी हैं। आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा जाली व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि पर अवैध दावा किया जा रहा है तथा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। वादी ने यह भी बताया कि पूर्व में भूमि के एक हिस्से की विधिवत बिक्री की जा चुकी है, जिस पर क्रेता शांतिपूर्ण रूप से काबिज हैं। ऐसे में वाद लंबित रहते निबंधन होने से विवाद और बढ़ सकता है। उन्होंने उप निबंधक से अनुरोध किया है कि न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय आने तक खाता संख्या 49 की किसी भी भूमि का निबंधन नहीं किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




