रैयती जमीन पर सड़क निर्माण करने का आरोप
गांडेय के पंचमटांड़ गांव निवासी भरत मंडल ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि विभाग द्वारा उनकी रैयत जमीन पर जबरन सड़क निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने उचित कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर बैठ जाएंगे।

गांडेय, प्रतिनिधि। गांडेय अंचल के रसनजोरी पंचायत पंचमटांड़ गांव निवासी भरत मंडल ने गांडेय अंचलाधिकारी मो हुसैन को आवेदन देकर रैयत जमीन पर जबरन सड़क निर्माण करने का आरोप लगाया है। भुक्तभोगी ने आवेदन देकर अंचलाधिकारी से मामले की जांच कर उचित कारवाई करने की मांग की है। भरत मंडल ने आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी और अहिल्यापुर थाना को भी दी है। आवेदन के माध्यम से भरत मंडल ने कहा कि गिरिडीह जामताड़ा मुख्य मार्ग स्थित बुधुडीह से कोलडीह तक आरसीडी विभाग के द्वारा सड़क निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण के क्रम में पंचमटांड़ गांव में विभाग के द्वारा रैयत जमीन में जबरन सड़क निर्माण करवाया जा रहा है।
उक्त जमीन खाता संख्या 1 प्लाट नंबर 308 रकवा 4 एकड़ 16 डिसमिल है। उक्त जमीन भरत मंडल के दादा इतवारी मंडल के नाम से अंकित है। भुक्तभोगी ने कहा कि संवेदक को रैयत जमीन पर कार्य रोकने की बात कहने पर मुझे कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती है। बता दें कि भुक्तभोगी ने विभाग के जेई को उक्त मामले से लिखित और सूचना बोर्ड लगाकर अवगत कराया मगर विभाग के द्वारा किसी भी तरह की पहल नहीं की गई है। आवेदनकर्ता भरत मंडल ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर उक्त मामले का निष्पादन नहीं किया गया, तब हम सभी लोग परिवार के साथ मिलकर सड़क पर बैठ जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी विभाग के साथ - साथ प्रशासन की भी होगी। भुक्त भोगी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य की निजी जमीन अधिग्रहित करने पर सरकार के द्वारा मुआवजा देने का प्रावधान है लेकिन विभाग के द्वारा नियम को दरकिनार करके कार्य किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


