पुलिस कस्टडी में मौत की जांच को पहुंचे ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट
गावां थाना में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के मामले की जांच के लिए ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अक्षय शर्मा पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की। आरोपी श्रीकांत ने...

गावां (गिरिडीह)। गावां थाना में शुक्रवार को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अक्षय शर्मा पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के मामले की जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल के कमरे का गहन निरीक्षण किया और थाना में पदस्थापित पुलिस अधिकारियों व कर्मियों से पूछताछ की। हालांकि मजिस्ट्रेट ने जांच से जुड़ी किसी भी जानकारी को मीडिया के सामने साझा करने से साफ़ इंकार किया। मौके पर एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेन्द्र प्रसाद, इंस्पेक्टर रोहित कुमार, तीसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि मजिस्ट्रेट ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की पूरी सूक्ष्मता से जांच करने के निर्देश दिए।
इस घटना की पृष्ठभूमि यह है कि पुलिस कस्टडी में दोहरे हत्याकांड के आरोपी श्रीकांत ने गला काटकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से गावां थाना गहरे सदमे में है। थाने का माहौल बेहद शांत और तनावपूर्ण बना हुआ है। घटना के चार दिन बाद भी थाना परिसर में सामान्य चहल-पहल नहीं है और हर पुलिसकर्मी के चेहरे पर खामोशी और गंभीरता देखी जा रही है। एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद घटना वाले दिन से ही थाना में कैंप किए हुए हैं और लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं। थाना कर्मियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी का खुलासा नहीं किया। पुलिस और न्यायिक अधिकारियों की यह कार्रवाई मामले की सटीक जांच और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय लोग भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद जता रहे हैं, ताकि घटना के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके और जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




